बीकानेर Abhayindia.com श्रीगंगानगर में आयोजित स्टेट लेवल सीबीएससी क्लस्टर टेबल टेनिस प्रतियोगिता में बीकानेर बॉयज स्कूल (बीबीएस) के छात्र चन्द्रादित्य राठौड़ ने अंडर-14 वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इस उपलब्धि के साथ ही चन्द्रादित्य का चयन आगामी सीबीएससी नेशनल टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हो गया है। प्रतियोगिता के दौरान चन्द्रादित्य ने जयपुर के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हर्ष सैनी को पराजित कर अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का परिचय दिया।
चन्द्रादित्य बीकानेर बॉयज स्कूल में सातवीं कक्षा के विद्यार्थी हैं। उनकी इस सफलता पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। छात्र के कोच अविनाश राठौड़ ने कहा कि चन्द्रादित्य ने लगातार मेहनत और अनुशासित अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है। जिला टेबल टेनिस संघ के पदाधिकारियों ने भी चन्द्रादित्य को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खेल प्रेमियों ने इस उपलब्धि को बीकानेर के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए कहा कि जिले के खिलाड़ी राज्य स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन ने भी चन्द्रादित्य की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित करने की घोषणा की है।













