Wednesday, May 13, 2026
Hometrendingबीकानेर में बरसाती पानी ठहराव की समस्या से जल्दी मिलेगी मुक्ति, सरकार से...

बीकानेर में बरसाती पानी ठहराव की समस्या से जल्दी मिलेगी मुक्ति, सरकार से मिले 59.10 करोड़ रुपए

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में बरसाती पानी ठहराव के कारण होने वाली समस्या से आमजन को जल्द ही मुक्ति मिलेगी। इन कार्यों के लिए राज्य सरकार द्वारा 59.10 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्राप्त हो गई है तथा कार्यादेश जारी करते हुए विभिन्न स्थानों पर कार्य प्रारम्भ करवा दिए गए हैं।

नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनीचामी ने बताया कि शहरी क्षेत्र में बरसाती पानी का ठहराव बड़ी समस्या है। इससे आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार द्वारा वर्ष 2024-25 के बजट में 100 करोड़ रुपए की लागत से कार्य करवाने की घोषणा की थी। जिसके पहले चरण में 59.10 करोड़ रुपए के कार्यों का चयन किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर द्वारा गत दिनों नगर निगम और बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में इसकी समीक्षा की गई तथा उच्च स्तर पर इससे जुड़ा फीडबैक दिया गया। इसके बाद राज्य सरकार के आपदा नियंत्रण, राहत एवं नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा 59.10 करोड़ रुपए की राशि प्राप्त हो गई है तथा 6 मई को तीन स्थानों पर कार्य प्रारम्भ करवा दिया गया है।

निगम आयुक्त ने बताया कि इस राशि से वल्लभगार्डन में 20 एमएलडी का सीवेज पंपिंग स्टेशन, सुजानदेसर में 12 एमएलडी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, खुदखुदा आश्रम जाने वाले नाले के स्थान पर नए नाले का निर्माण तथा शहर के प्रमुख नालों की सफाई से जुड़े कार्य करवाए जाएंगे। इनमें से सुजानदेसर में एसटीपी निर्माण तथा निगम कार्यालय एवं पीबीएम अस्पताल नाला सफाई का कार्य 6 मई को प्रारम्भ भी कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि सभी कार्य चरणबद्ध तरीके से किए जाएंगे तथा 18 महीनों में यह पूर्ण कर लिए जाएंगे। जिला कलक्टर के निर्देश पर नगर निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलनिचामी ने इन कार्यों का निरीक्षण किया तथा कार्याें को समयबद्ध तथा गुणवत्तापूर्ण तरीके से करने के निर्देश दिए।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!