






बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में चाइनीज मांझे का उपयोग होने की खबरें लगातार आ रही है। इस दौरान हादसे भी हो रहे है। नोखा में एक बालक की इस मांझे की चपेट में आने से हुई मौत ने हर किसी को विचलित कर दिया है। इस घटना के बाद सिस्टम भी अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। बीकानेर शहर में कोतवाली थाना पुलिस ने अहम कार्रवाई करते हुए चाइनीज मांझा जब्त किया है। हालांकि, आरोपी मौके से फरार होने में सफल रहा।
कोतवाली थानाप्रभारी सविता डाल की अगुवाई में पुलिस टीम ने लाल गुफा रोड स्थित गफूर बस्ती में मोहम्मद अजीज पुत्र मोहम्मद अयूब के घर पर दबिश दी। इस दौरान मौके से पुलिस ने प्रतिबंधित मांझे की कुल 29 गेडियां जब्त की। कार्रवाई की भनक लगने पर आरोपी पहले ही मौके से फरार हो गया। उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई है।


