








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान के बयाना विधानसभा क्षेत्र की निर्दलीय विधायक रितु बनावत एक कथित स्टिंग ऑपरेशन के बाद विवादों में हैं। रितु ने आज इस मामले में अपना पक्ष बताते हुए कहा कि डील उसे कहा जाता है जहां पैसा लेकर कोई पत्र दिया गया हो लेकिन हमने ऐसा कुछ नहीं किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि कथित वीडियो एडिट करके गलत तरीके से पेश किया गया है।
आपको बता दें कि प्रदेश में तीन विधायकों से जुड़े कथित स्टिंग ऑपरेशन के बाद सियासी जगत में हलचल तेज हो गई है। इस मामले में पहले खींवसर विधायक रेवंतराम डागा ने अपना एक वीडियो जारी कर अपना पक्ष रखा था। अब बयाना विधायक रितु बनावत और उनके पति ऋषि बंसल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा है कि उनके नाम के साथ ‘डील’ शब्द जोड़कर जान-बूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश की गई है। उन्होंने कहा कि डील उसे कहा जाता है, जिसमें किसी प्रकार का पैसा लिया गया हो, कोई लिखित पत्र दिया गया हो, किसी तरह का लेनदेन हुआ हो या फिर कोई मांग की गई हो। उन्होंने कहा कि कथित वीडियो में ऐसा कुछ भी नहीं है। वीडियो को एडिट कर गलत तरीके से पेश किया गया और जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया गया है। विधायक ने कहा कि उन्होंने बरसों के संघर्ष के बाद यह मुकाम हासिल किया है और अब उन्हें पीछे धकेलने का षड्यंत्र रचा जा रहा है।
उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री से अपील की कि पूरे वीडियो को सदन के पटल पर मंगवाया जाए। यदि वे दोषी पाई जाती हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई हो लेकिन यदि वे निर्दोष हैं तो स्टिंग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की अनुमति देने के लिए सदन में प्रस्ताव लाया जाए।


