








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मौसम का मिजाज अब बदल गया है। कई शहरों में बारिश होने से पारा नीचे उतर गया और सर्द अहसास बढ गया। मौसम विभाग के अनुसार, नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने से आज 9 शहरों में हल्की से मध्यम बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग के अनसुार, 28 नवम्बर को उदयपुर, सलूंबर, राजसमंद, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, टोंक, जयपुर और दौसा जिले में हल्की से मध्यम बारिश होने और 20 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की गति से सर्द हवा चलने की संभावना है। वहीं, प्रदेश के अधिकांश शेष भागों में आगामी दिनों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। 29 और 30 नवंबर को राजस्थान के दक्षिण पूर्वी भागों में कहीं कीं मध्यम से घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।
विभाग के अनुसार, दिसंबर के पहले सप्ताह में उत्तरी हवा के असर से रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने और प्रदेश के शेखावाटी संभाग में कहीं कहीं शीतलहर चलने की संभावना है। प्रदेश के मैदानी इलाकों में आगामी सप्ताह में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू होने के आसार हैं।


