








बीकानेर Abhayindia.com सोजत सिटी में आज संपन्न सामूहिक विवाह के 51 जोड़ों के रिसेप्शन एवं 2 दिन ठहरने की व्यवस्था लक्ष्मी निवास पैलेस में होगी। सेवार्थ समर्पित “यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन” द्वारा सोजत सिटी (जिला पाली) में 7 नवम्बर को संपन्न हुए 51 जोड़ों के सर्व समाज सामूहिक विवाह सम्मेलन को एक नई सामाजिक और सांस्कृतिक गरिमा दी जा रही है। विवाह समारोह आज सोजत में संपन्न हुआ। अब इन 51 नवविवाहित जोड़ों के नए जीवन की शुरुआत बीकानेर के ऐतिहासिक लग्जरी होटल लक्ष्मी निवास पैलेस में शाही स्वागत के साथ होगी। इन जोड़ों के 9 नवम्बर से 10 नवम्बर तक यहां ठहरने की व्यवस्था यूनाइटेड ग्लोबल पीस फाउंडेशन की ओर से की जा रही है। यह पहली बार होगा कि सामूहिक विवाह से जुड़े जोड़ों को परंपरा, संस्कृति और आधुनिक सम्मान का ऐसा भव्य संगम देखने को मिलेगा।
सोजत में संपन्न इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर ओम दास महाराज सोजत एवं विशिष्ट अतिथि श्री श्री 1008 भजनाराम महाराज, संतोष कंवर बाईसा, यूजीपीएफ निदेशक शक्ति सिंह बांदीकुई तथा प्रबंधक मुकेश मेघवंशी उपस्थित रहे।
यू.जी.पी.एफ. निदेशक शक्ति सिंह बांदीकुई ने कहा 51 जोड़ों के लिए शाही वेडिंग रिसेप्शन बीकानेर के सुप्रसिद्ध फाइव स्टार लक्ष्मी निवास पैलेस में कराया जा रहा है, ताकि सामूहिक विवाह को केवल दान का प्रतीक ना मानकर सम्मान, संस्कार और आत्म सम्मान का उत्सव बनाया जा सके। यह पहली बार है, जब सामूहिक विवाह के बाद जोड़ों को हेरीटेज पैलेस रिसेप्शन का यह गौरव मिलेगा।
यू.पी.ए.फ. अध्यक्ष मेघराज सिंह रॉयल ने कहा जब विवाह समाज के सहयोग से होता है तो वह केवल रिश्तों का बंधन नहीं बल्कि मानवता और संस्कारों का महोत्सव बन जाता है। बीकानेर इस महोत्सव का सम्मानित सहभागी बनेगा- यह हमारे लिए गर्व की बात है।
कार्यक्रम के उद्देश्य :-
–सर्व समाज एकता व सामाजिक समरसता
-आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए गरिमा में विवाह सहयोग
-विवाह के बाद कौशल विकास रोजगार से जोड़ने की योजना
-दहेज प्रथा, आर्थिक बोझ और सामाजिक असमानता के खिलाफ सकारात्मक पहल


