Hometrendingराजस्‍थान पुलिस के सात अधिकारियों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक

राजस्‍थान पुलिस के सात अधिकारियों को मिलेगा केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक

जयपुर Abhayindia.com केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2026 के लिए केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक की घोषणा की है। इसमें राजस्थान के छह आईपीएस और एक आरपीएस अधिकारी को शामिल किया गया है। सभी सातों अधिकारियों का चयन उत्कृष्ट अनुसंधान श्रेणी में हुआ है। सम्मानित होने वालों में आईपीएस अनुष्ठा कालिया, कांबले शरण गोपीनाथ, अजेय सिंह राठौड़, मनीष कुमार, जतिन जैन और रोशन मीणा के साथ आरपीएस अधिकारी प्रेम कुमार शामिल हैं। इन अधिकारियों को अपराधों की जांच, साक्ष्यों के विश्लेषण और प्रभावी अनुसंधान के क्षेत्र में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए चुना गया है।

केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से जारी घोषणा के अनुसार, इस वर्ष देश के 26 राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और केंद्रीय पुलिस संगठनों के कुल 490 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दक्षता पदक के लिए चुना गया है। इनमें 358 को विशेष अभियान, 123 को उत्कृष्ट अनुसंधान और नौ को फॉरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्री दक्षता पदक की शुरुआत गृह मंत्रालय ने 1 फरवरी 2024 को की थी। इसके तहत विशेष अभियान, अनुसंधान, आसूचना और फॉरेंसिक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों और विशेषज्ञों को सम्मानित किया जाता है। इसका उद्देश्य पुलिस बलों में पेशेवर दक्षता को बढ़ावा देना और बेहतर कार्य करने वाले कर्मियों का मनोबल बढ़ाना है। इसकी घोषणा प्रतिवर्ष 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर की जाती है।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular