बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में कचरा संग्रहण वाली गाड़ी की टक्कर से एक सेवानिवृत्त बैंककर्मी के घायल होने की घटना सामने आई है। जानकारी के अनुसार, इस हादसे में सेवानिवृत्त बैंककर्मी केशव दत्त आचार्य घायल हो गए उनके गंभीर चोटें आई है। पीबीएम अस्पताल की सुपर स्पेशियलिटी में वे उपचाराधीन है।
घटना की जानकारी मिलने पर उपमहापौर पंकज गहलोत, पार्षद डॉ. भगवान सिंह मेड़तिया एवं पार्षद विक्रम सिंह राजपुरोहित अस्पताल पहुंचे और घायल व्यक्ति की कुशलक्षेम जानी। इस दौरान उपमहापौर पंकज गहलोत ने नगर निगम आयुक्त से फोन पर बात कर घटना पर कड़ा विरोध दर्ज करवाया तथा संबंधित कंपनी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और घायल व्यक्ति को उचित मुआवजा दिलवाने की मांग की।
जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम में कचरा उठाने वाली कंपनी का कार्य अब कचरा उठाने के बजाय नागरिकों की जान जोखिम में डालने वाला साबित हो रहा है। कंपनी के वाहनों की लापरवाही पर अंकुश लगाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस गंभीर मामले को लेकर सोमवार को नगर निगम में विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों ने मांग की कि संबंधित कंपनी की जिम्मेदारी तय कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा घायल व्यक्ति और उसके परिवार को उचित मुआवजा दिलवाया जाए।
आपको बता दें कि इस घटना के बाद नगर निगम की वाहन संचालन की निगरानी पर गंभीर सवाल उठने लगे है। करीब एक पखवाड़ा पहले पंचशती सर्किल पर भी कचरा संग्रहण करने वाली गाड़ी के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक मोटरसाइकिल सवार को अपनी चपेट में ले लिया था। इन दोनों घटनाओं को लेकर सोशल मीडिया पर भी नगर निगम की ठेका प्रणाली को निशाना बनाया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि कचरा संग्रहण के ठेके की उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच होनी चाहिए। कचरा संग्रहण करने वाली कई गाडि़यों के चालक नाबालिग है, कई के लाइसेंस ही नहीं बने हैं। इसके अलावा नशे में वाहन चलाने की भी शिकायतें सामने आ रही है। इसके अलावा कई वार्डों में अभी तक कचरा संग्रहण का काम पटरी पर नहीं आ पा रहा है।



















