








जयपुर Abhayindia.com प्रदेश में राजस्थान में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बीच भाजपा ने एक बार फिर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को घेरने की रणनीति बना ली है। अबकी बार भाजपा ने प्रदेश में फुल टाइम होम मिनिस्टर की आवाज़ उठाई है।
आपको बता दें कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने स्वयं इस विभाग की कमान संभाली हुई है। सरकार का तीन वर्ष से भी ज़्यादा का कार्यकाल पूरा होने के बाद भी गृह विभाग के मंत्री पद पर बदलाव नहीं हो सका है। प्रदेश को फुल टाइम गृह मंत्री दिए जाने की मांग भाजपा इससे पहले भी समय–समय पर उठाती रही है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ सतीश पूनिया ने कहा है कि गृहमंत्री अशोक गहलोत जन घोषणा पत्र में जन सुरक्षा के किए वादे को निभाने में पूरी तरह विफल हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री गंभीरता दिखाते हुए या तो कानून व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कोई ठोस कार्ययोजना पर जल्द कार्य करें या फिर प्रदेश को एक फुल टाइम गृहमंत्री मिलना चाहिए जिससे बहन–बेटियों की सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित हो सके। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पूनिया का कहना है कि राजस्थान की कानून व्यवस्था की देश में सबसे बुरी स्थिति है। यहां के हालात इस कदर हो चुके हैं कि अपराधी मस्त हैं, जनता त्रस्त है और मुख्यमंत्री वर्चुअल में व्यस्त हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कहीं भी बहन–बेटियां सुरक्षित नहीं हैं।
भाजपा ने गिनाएं बीते तीन साल के आंकड़े…
– कुल मामले दर्ज– 6 लाख 51 हजार से अधिक
– महिलाओं पर अत्याचार के मामले– 1 लाख 17 हजार से अधिक
– बलात्कार के मामलों में– 19.50 प्रतिशत की बढ़ोतरी
– आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार– 5800 से अधिक मामले
– महिलाओं–बच्चियों से दुष्कर्म मामलों में पहले स्थान पर राजस्थान
– दलित–आदिवासियों के साथ अत्याचार मामलों में दूसरे स्थान पर राजस्थान





