



बीकानेर Abhayindia.com राष्ट्रीय सेवा योजना की दोनों इकाईयों के तत्वावधान में आज बीजेएस रामपुरिया विधि कॉलेज में संविधान दिवस के उपलक्ष्य में भारतीय संविधान के पंथनिरपेक्षता एवं अनेकता मे एकता विषय पर एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में वक्ता के रूप में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनन्त जोशी ने संविधान की प्रस्तावना एवं संविधान के प्रावधानों के बारे में स्वयंसेवकों को अवगत कराते हुए बताया कि भारत का संविधान विश्व का सबसे विशाल संविधान है। डॉ. जोशी ने इस संदर्भ में धर्म एवं धर्मनिरपेक्षता एवं पंथनिरपेक्षता के बारे में भी विस्तृत जानकारी प्रदान की। डॉ. जोशी ने बताया कि भारतीय संविधान विश्व का सबसे सशक्त संविधान है।
गोष्ठी को सम्बोधित करते हुए महाविद्यालय के व्याख्याता डॉ. रीतेश व्यास ने स्वयंसेवकों को संविधान के मूलभूत अधिकारों की जानकारी दी और बताया कि हमारा संविधान इतना सशक्त है जिससे प्रत्येक समस्या का समाधान किया जा सकता है। उन्होंने भारतीय संविधान की विशेषताओं से स्वयंसेवकों को अवगत करवाया। कार्यक्रम में आगे सभी विद्यार्थियों को संविधान की प्रस्तावना का वाचन करवाया गया।
इस अवसर पर रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रीति कोचर ने स्वयंसेवकों को संविधान के मूलभूत अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ शराफत अली ने धन्यवाद ज्ञापित किया। संविधान दिवस पर आयोजित गोष्ठी में डॉ. राकेश धवन, डॉ. बालमुकुन्द व्यास, ईशान नारायण पुरोहित, डॉ. भरत जाजडा, श्याम नारायण रंगा एवं मगन सोलंकी भी उपस्थित थे। संविधान दिवस के अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर फाउण्डेशन, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, जयपुर द्वारा आयोजित निबन्ध प्रतियोगिता का आयोजन भी महाविद्यालय स्तर पर किया गया जिसमें विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।





