







रायपुर Abhayindia.com रायपुर में चल रहे 60वें अखिल भारतीय डीजीपी-आईजी सम्मेलन के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने भी शिरकत की। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि पुलिस के बारे में लोगों की सोच बदलने और शहरी और टूरिस्ट पुलिसिंग को मज़बूत करने की ज़रूरत है। उन्होंने पुलिसिंग के तरीकों को मॉडर्न बनाने और उन्हें विकसित भारत के नेशनल विज़न के हिसाब से बदलने की अपील की।
आपको बता दें कि सम्मेलन के पहले सत्र में पुलिस व्यवस्था में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के उपयोग और इसके भविष्य पर चर्चा हुई। इसके बाद दूसरे सत्र में वैश्विक परिदृश्य में उभरते जियो-पॉलिटिकल चुनौतियों पर गहन विमर्श किया गया। दोपहर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने डेलीगेट्स, अवार्ड प्राप्त अधिकारियों और विशेष आमंत्रितों से मुलाकात की। इस दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो के अधिकारियों को राष्ट्रपति पदक सम्मानित किया गया। लगभग 3 बजे शहरी पुलिसिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन शहरों को पुरस्कार दिया गया, जिसके बाद प्रधानमंत्री ने सम्मेलन को संबोधित किया।
आपको यह भी बता दें कि यह सम्मेलन देश के शीर्ष पुलिस अधिकारियों को राष्ट्रीय सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और परिचालन चुनौतियों पर खुलकर संवाद करने का मंच देता है। प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 से इस आयोजन को नए आयाम दिए हैं, जिसके कारण इसे देश के अलग-अलग स्थलों पर अधिक व्यापक और सहभागी रूप में आयोजित किया जा रहा है। गुवाहाटी, कच्छ, हैदराबाद, टेकनपुर, केवड़िया, पुणे, लखनऊ, नई दिल्ली, जयपुर और भुवनेश्वर जैसे शहर इस आयोजन की मेजबानी कर चुके हैं।






