








बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में नहरबंदी के बीच पारीक चौक में दोहरी मार झेलने को मजबूर हो रहे हैं। इस क्षेत्र में पिछले 12 दिनों से गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। लेकिन, जलदाय विभाग के अधिकारी अभी तक इस समस्या का समाधान नहीं निकाल पाए है। विभाग की इस लापरवाही के प्रति प्रशासन भी आंखें मूंदकर बैठा है।
वंदे मातरम टीम के संयोजक विजय कोचर, पीड़ित अशोक पारीक व सामाजिक कार्यकर्ता चौरू लाल सुथार ने बताया कि पारीक चौक में पिछले 12 दिनों से पानी की सप्लाई के साथ सीवरेज का गंदा पानी आ रहा है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिक विभाग के सहायक अभियंता आलोक गुप्ता व कनिष्ठ अभियंता बबीता सोनी की उपस्थिति में उनके घर पर जब पानी की सप्लाई शुरू हुई तो पहले जैसा ही सिवरेज का बदबूदार गंदा पानी आया। इस पर सम्बधित अधिकारियों ने कहा कि हम इस क्षेत्र की पाइप लाइन को जगह-जगह से चेक करवा रहे हैं लेकिन, आश्चर्य इस बात का है कि 12 दिन बीतने के बाद भी विभाग को लीकेज नहीं मिल रहे।
उन्होंने बताया कि इस गंदे पानी से इस मोहल्ले के परिवार बीमार पड़ गए है उन्हें उल्टी, दस्त की शिकायत हो गई है। जिला प्रशासन को इस पर सख्त संज्ञान लेना चाहिए व सम्बधित के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जानी चाहिए। इस समस्या के बारे में जिला कलेक्टर को भी अवगत कराया गया था जिस पर विभाग के उच्च अधिकारियों ने दो दिन पहले क्षेत्र का दौरा भी कर चुके है। लेकिन, समस्या जस की तस बनी हुई है।


