




बीकानेर। अनिश्चितकालीन धरने के बाद गौवंश के मुद्दे पर मिली जीत की आधी-अधूरी बताते हुए कांग्रेस नेता गोपाल गहलोत ने ऐलान किया है कि अब पूरी जीत हासिल करने के लिए धुलंडी के दिन से एक अनूठा आंदोलन शुरू करेंगे। होली रसिक पत्रकारों से बातचीत करते हुए गहलोत ने कहा है कि इस अनूठे आंदोलन के तहत सभी कांग्रेसी शहर में अलग-अलग जगहों पर गोधे लड़ाएंगे, ताकि प्रशासन और भाजपा को पता चल सके कि गोधे लडऩे से क्या-क्या नुकसान होता है। उधर, भाजपा ने कांग्रेस की इस हुड़दंगी नीति का तोड़ निकालने के लिए आपात बैठक बुलाई है।
कांग्रेस नेता गहलोत ने आंदोलन की रणनीति का खुलासा करते हुए बताया कि धुलंडी के दिन वे खुद कलक्टर कार्यालय तथा भाजपा विधायक सिद्धिकुमारी के कार्यालय के समक्ष गोधे लड़ाएंगे। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों को भी अलग-अलग जगहों पर गोधे लड़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। कांग्रेस नेता बी. डी. कल्ला और जनार्दन कल्ला को विधायक गोपाल जोशी के होटल और निवास पर गोधे लड़ाने की महत्ती जिम्मेदारी दी गई है। होली के हुड़दंगी सूत्रों की मानें तो कल्ला बंधुओं ने पहले तो रिश्तों की दुहाई देते हुए यह जिम्मेदारी लेने से साफ इंकार कर दिया, लेकिन बाद में उन्हें चुनाव की याद दिलाई गई तो वे तुरंत गोधे लड़ाने को तैयार हो गए। हुड़दंगी सूत्रों की ओर से वायरल की गई सूची के अनुसार कांग्रेस नेता शशिकांत शर्मा जिला रसद अधिकारी कार्यालय के समक्ष किंकरिये के नीचे गोधे लड़ाएंगे। पूर्व न्यास अध्यक्ष मकसूद अहमद, पूर्व उप महापौर और माशूक अहमद कोटगेट के बीचोंबीच तथा शहर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नंदकिशोर सोलंकी के निवास के आगे गोधे लड़ाने की जिम्मेदारी निभाएंगे।
इसी तरह शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत के नेतृत्व में अरविंद मिड्ढ़ा, साजिद सुलेमानी, फिरोज भाटी को शहर भाजपा अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य के निवास पर, रामेश्वर डूडी के नेतृत्व में गजेन्द्र सिंह सांखला, गुलाम मुस्तफा, जावेद पडि़हार, बिशनाराम सियाग को पूर्व मंत्री देवीसिंह भाटी के निवास पर, देहात कांग्रेस अध्यक्ष महेन्द्र गहलोत के नेतृत्व में एक टीम देहात भाजपा अध्यक्ष सहीराम दुसाद के निवास पर, शंकर पन्नू व रेवंतराम पंवार को सांसद अर्जुनराम मेघवालप के निवास पर गोधे लड़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उपनगर गंगाशहर में भी लोग गोधों की समस्या से बेहद त्रस्त है। इस क्षेत्र में रहने वाले भाजपा नेता मोहन सुराणा, न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, महापौर नारायण चौपड़ा के निवास पर गोधे लड़ाने की महत्ती जिम्मेदारी देहात कांग्रेस के कोषााध्यक्ष कौशल दुग्गड़ और बल्लभ कोचर के कंधों पर होगी। कांग्रेस नेता राजकुमार किराडू, संजय आचार्य, बाबू जयशंकर जोशी, हीरालाल हर्ष, आनंद कुमार जोशी को शहर भाजपा के पूर्व अध्यक्ष रामकिसन आचार्य, विजय आचार्य, रिखबदास बोड़ा, ओम आचार्य, आरती आचार्य के निवास के आगे गोधे लड़ाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
उधर, शहर भाजपा अध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य ने कांग्रेस की आक्रामक रणनीति को फेल करने के लिए आपात बैठक बुलाते हुए सभी को ‘गोधोंÓ से बचाव उपाए बताए। साथ ही उन्होंने पुलिस महकमे के लॉयन और टाइगर को भी कांग्रेस की इस हुड़दंगी गतिविधि पर लगाम कसने की मांग की। सूत्रों के अनुसार महकमे के लॉयन और टाइगर ने शहर भाजपा अध्यक्ष को साफतौर पर कह दिया है कि गोधा लड़ाना अपराध की श्रेणी में नहीं आता। और हमने भी बीकानेर के इस लोकप्रिय खेल को कभी देखा नहीं है, लिहाजा वे इसमें किसी प्रकार का दखल नहीं करेंगे। पुलिस महकमे के ये तेवर देखकर भाजपा लॉबी पशोपेश में है। बताया जाता है कि वो अब हाईकमान से इस मामले में दिशा-निर्देश लेने पर विचार कर रहे हैं। बहरहाल, धुलंडी के मौके पर गोधों की लड़ाई देखने को लेकर शहरवासी खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रंगों के इस त्योहार में यह आंदोलन क्या रंग दिखाता है? (होली संवाददाता)
विशेष नोट – हंसी-ठिठोली के पर्व होली पर कल्पना की उड़ान को कोई रोक नहीं सकता। लिहाजा हमारे होली संवाददाता को भी हम रोक नहीं पाए। उनकी कल्पना की उड़ान से जुड़ी इस एक्सक्लुसिव रिपोर्ट को कोई अन्यथा न लें। -अभयइंडिया डॉट कॉम





