Hometrendingश्रीडूंगरगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की मांग को...

श्रीडूंगरगढ़ में कांग्रेस नेताओं ने ट्रॉमा सेंटर शुरू करने की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन, भामाशाह भी खर्च उठाने को तैयार, राजनीति न हो

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी माइनॉरिटी विभाग के राष्ट्रीय सचिव सलीम भाटी और कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर शीघ्र शुरू करने की मांग को लेकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट रीना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि बीकानेर-जयपुर हाईवे पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मामले इसी मार्ग पर होते हैं। इसके चलते वर्षों से श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की मांग की जा रही है।

सलीम भाटी ने बताया कि पिछली राज्य सरकार के समय हिंदू-मुस्लिम समाज के गणमान्य लोगों ने विवादित भूमि को ट्रॉमा सेंटर के लिए देने की सहमति जताई थी। स्वायत्त शासन विभाग ने पत्राचार कर वह भूमि चिकित्सा विभाग को आवंटित कर दी थी और पट्टा भी जारी हो चुका है। बावजूद इसके अभी तक ट्रॉमा सेंटर का निर्माण शुरू नहीं हो पाया है। कांग्रेस नेता नित्यानंद पारीक ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ के भामाशाह ट्रॉमा सेंटर का खर्च उठाने के लिए भी तैयार हैं। लेकिन सरकार बदलने के बाद भाजपा विधायक द्वारा स्थान परिवर्तन की बात कर नई भूमि की मांग की जा रही है, जिससे निर्माण में बाधा आ रही है। उन्होंने कहा कि “ट्रॉमा सेंटर बनाने में राजनीति नहीं, जन कल्याण की सोच होनी चाहिए।”

कांग्रेस नेताओं ने मांग की कि श्रीडूंगरगढ़ की जनभावना का सम्मान करते हुए आवंटित भूमि पर ही अविलंब ट्रॉमा सेंटर निर्माण का शिलान्यास किया जाए। इससे हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त लोगों और स्थानीय जनता को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। शिष्टमंडल में सेवादल के राजेश दाधीच, कांग्रेस नेता दलीप सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस जन आंदोलन करेगी।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular