








जयपुर Abhayindia.com भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को प्रदेश के चूरू जिले के सरदारशहर सहित देश के 5 विधानसभा क्षेत्रों और एक संसदीय क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा कर दी है। उपचुनावों की घोषणा के साथ ही पूरे जिले में आचार संहिता लागू हो गई है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही कांग्रेस और भाजपा अलर्ट मोड पर आ गई है। सरदारशहर विधानसभा सीट के लिए अपने अपने प्रत्याशी के चयन के लिए कांग्रेस पार्टी जल्द ही बैठक बुलाने जा रही है। बताया जा रहा है कि दिवंगत विधायक भंवरलाल शर्मा के पुत्र अनिल शर्मा को पार्टी अपना उम्मीदवार बनाकर सहानुभूति बटोरने का प्रयास करेगी। संभवत: 15 नवंबर तक पार्टी अपने प्रत्याशी की घोषणा कर देगी। वहीं, भाजपा ने भी तैयारी प्रारंभ कर दी है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह रविवार को जयपुर में वरिष्ठ नेताओं की बैठक लेंगे। वे पोलिंग बूथ स्तर पर बनाई जा रही कमेटियों की समीक्षा करेंगे।
ये रहेगा चुनाव कार्यक्रम…
मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि आयोग की घोषणा अनुसार उपचुनाव के संबंध में गजट नोटिफिकेशन 10 नवंबर 2022 (गुरुवार) को जारी किया जाएगा। नामांकन की अंतिम तिथि 17 नवंबर (गुरुवार) और प्राप्त नामांकन की जांच 18 नवंबर (शुक्रवार) को की जाएगी। उन्होंने बताया कि नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 21 नवंबर (सोमवार) है।
गुप्ता ने बताया कि 5 दिसंबर 2022 (सोमवार) को मतदान किया जाएगा। मतगणना 8 दिसंबर 2022 (गुरुवार) को होगी तथा 10 दिसंबर 2022 (शनिवार) तक मतदान संबंधी सभी कार्य पूर्ण कर लिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि उपचुनाव में सरदारशहर विधानसभा क्षेत्र के 2 लाख 89 हजार 579 मतदाता अपने मत का प्रयोग कर सकेंगे तथा कुल मतदान केंद्र 295 हैं।
गुप्ता ने बताया कि सरदारशहर से इंडियन नेशनल कांग्रेस के विधायक भंवरलाल शर्मा की मृत्यु उपरांत रिक्त हुई सीट पर उपचुनाव आयोजित किए जा रहे हैं।





