बीकानेर Abhayindia.com गंगाशहर के मैन बाजार में दिनदहाड़े चोरी की वारदात सामने आई है। एक अज्ञात युवक दुकान से मूंगफली तेल के 2 टिन का भाव पूछने के बहाने आया और मौका पाकर टिन उठाकर स्कूटी से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, नई लाइन, गंगाशहर निवासी विकास छाजेड़ पुत्र चैनरूप ने गंगाशहर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। विकास मां सुसवाणी स्टोर, मैन बाजार में काम करता है।रिपोर्ट में बताया कि 7 अगस्त को दोपहर करीब 4 बजे एक अज्ञात व्यक्ति दुकान पर आया। उसने विकास से तेल के टिन के भाव पूछे। विकास ने दुकान के गेट के पास रखे “थार ब्रांड” मूंगफली तेल के टिन के दाम बताए। उसी दौरान उस व्यक्ति ने 2 टिन तेल के लिए कहा। विकास दूसरे ग्राहक से बात करने लगा। इसी का फायदा उठाकर आरोपी बिना पैसे दिए और बिना पूछे दोनों तेल के टिन उठाकर अपनी स्कूटी पर रखकर मौके से फरार हो गया। जब तक विकास को पता चला, तब तक आरोपी दुकान से काफी दूर निकल चुका था।
परिवादी की रिपोर्ट पर गंगाशहर थाना पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास की दुकानों के सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं। फुटेज में आरोपी की स्कूटी और हुलिया पहचानने की कोशिश की जा रही है। मामले की जांच एएसआई अशोक कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद मैन बाजार के व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों ने पुलिस से बाजार में गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग की है।













