







बीकानेर Abhayindia.com दीपावली का पर्व परम्परागत रूप से मनाया गया। शुभ मुहूर्त में घर-घर में मां लक्ष्मी का पूजन कर सुख-समृद्धि की कामना की गई। दीयों की रोशनी से पूरा शहर झिलमिला उठा। लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। वहीं शुक्रवार का दिन रामा-सामा में बीता। दिनभर त्योहार को लेकर रौनकी रही। दोस्तों, रिश्तेदारों के यहां आने-जाने वालों का तांता लगा रहा। एक दूसरे मिलकर लोगों ने त्योहार की खुशी बांटी, शुभकानाएं दी। शनिवार को भैया दूज का पर्व मनाया जाएगा, बहिनें अपने भाई की दीर्घायु की कामना के साथ माथे पर तिलक कर उनका मुंह मीठा कराएगी। वहीं भाई भी बहिनों को उपहार भेंट करेंगे।
अन्नकूट के हुए मनोरथ…
परम्परा के अनुसार शुक्रवार को घरों के आगे भगवान गोवर्धन का पूजन किया गया। वहीं कई पुष्टिमार्गी वैष्णव मंदिरों में आज अन्नकूट के मनोरथ हुए। इसमें विभिन्न प्रकार के पकवान बनाकर ठाकुरजी के भोग लगाया गया। कीर्तनकारों ने अन्नकूट के पद सुनाकर ठाकुरजी को रिझाया।
द्वारकाधीश मंदिर में 12 को होगा…
बिस्सा चौक स्थित पुष्टिमार्गी वैष्णव मंदिर द्वारिकाधीश में १२ नवंबर को अन्नकूट मनोरथ का आयोजन होगा। मंदिर मुखिया पंडि़त दुर्गादत्त के अनुसार इस दिन सुबह मंदिर परिसर में गोबर से भगवान गोवर्धन की आकृति उकेर कर उनका पूजन किया जाएगा। दोपहर बाद अन्नकूट दर्शन होंगे। इसमें कई तरह के पकवान बनाकर ठाकुरजी के भोग लगाया जाएगा।



