








बीकानेर Abhayindia.com केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और अन्य अतिथियों ने बाबा साहेब के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का आगाज किया। इस अवसर पर केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अनेक विषमताओं से डरे बिना देश को दिशा दिखाई। देश निर्माण में बाबा साहेब के योगदान को सम्मान देते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनकी 125वीं जयंती के अवसर पर वर्ष 2015 में देश को संविधान दिवस की सौगात दी। प्रधानमंत्री के निर्देश पर संविधान अंगीकार के 75 वर्ष पूर्ण होने पर इस वर्ष साल भर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे देश के नागरिकों को संविधान और बाबा साहेब के विराट व्यक्तित्व की जानकारी मिल सके।
केंद्रीय मंत्री मेघवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के निर्देशों पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 9 नवम्बर 2015 को नोटिफिकेशन जारी करते हुए 26 नवम्बर को प्रतिवर्ष संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया। तब से प्रति वर्ष देश भर में संविधान दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि हमारे पडौसी देशों में आज भी अराजकता का माहौल है किन्तु बाबा साहेब ने भारत देश को एक सशक्त संविधान दिया, जिसकी बदौलत आज हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। हमारा संविधान ही देश की प्रगति का प्रमुख कारण है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय महिला आयोग द्वारा संविधान निर्माण में योगदान देने वाली पंद्रह महिलाओं के सम्मान में कार्यक्रमों की शुरुआत बीकानेर से की यह हमारे लिए गर्व का विषय है। उन्होंने खुद के लिखे गीत के माध्यम से बाबा साहेब और संविधान से जुड़ी विशेषताओं के बारे में बताया। उन्होंने बाबा साहेब के जीवन से जुड़े अनेक पहलुओं की जानकारी दी और कहा कि वे संस्कृत के प्रकांड पंडित थे। उनका समूचा जीवन हमारे लिए पाठशाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने बाबा साहेब के जीवन से जुड़े पंच तीर्थों का विकास करवाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए खाजूवाला विधायक डॉ. विश्वनाथ मेघवाल ने कहा कि देश का संविधान हमें मौलिक अधिकार देता है। साथ ही कर्त्तव्यों की पालना की सीख देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने दुनिया के अलग-अलग 60 देशों के संविधान का अध्ययन करते हुए देश को दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान दिया। यह हमें एक सूत्र में बांधने का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा पर सबसे अधिक जोर दिया और शिक्षित बनो, संगठित रहो और आगे बढ़ो का सन्देश दिया।
श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि संविधान हमें एकता का मंत्र देता है। यह कानून के दायरे में रहने की सीख देता है। संविधान से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं को इसकी विशेषताओं की जानकारी मिलेगी। उन्होंने कहा कि श्री मेघवाल के नेतृत्व में गत पंद्रह वर्षों में बीकानेर में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं।
विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि हमारा संविधान हमें कर्त्तव्य पथ पर आगे बढ़ने की सीख देता है। यह देशवासियों के लिए सबसे पवित्र ग्रंथ है। विजय आचार्य ने कहा कि हमें संविधान के प्रति कृतज्ञ रहना चाहिए। उन्होंने संविधान निर्माण से जुड़े तथ्यों के बारे में बताया। सुमित गोदारा केबिनेट मंत्री की पत्नी शांता गोदारा ने भी विचार व्यक्त किए।
मुख्य वक्ता रविशेखर मेघवाल ने बताया कि बाबा साहेब ने देश को दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान दिया। डॉ. भीमराव अम्बेडकर ने विश्व का सबसे बडा लिखित संविधान लिखा है यह संविधान लोकतंत्र का मंदिर है, देश का अभिमान है, स्वाभिमान है । संविधान दिवस सिर्फ देश की सरकार और देश की राजनैतिक पार्टियों का पर्व नहीं है बल्कि पूरे देश की जनता का पर्व है। देश के हर नागरिक के लिए यह गर्व का दिन है। देश के एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते हमारा यह कर्त्तव्य है कि हम लोग इस उत्सव को पूरे जोश के साथ मनाए। भारत भले ही विविधताओं से भरा देश हो, विभिन्न राज्यों में अलग-अलग भाषाओं, जातियों, धर्मों और वेश-भूषाओं वाले लोग रहते हो, सबका रहन-सहन अलग है।
मेघवाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि संविधान दिवस मनाने की शुरूआत कर हम सभी को यह स्मरण कराया कि संविधान हमारे देश की आत्मा है इसकी सुरक्षा और सम्मान हमारा प्रथम कर्त्तव्य है। हम सभी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इसलिए भी आभारी हैं कि उन्होनें बाबा साहब के जीवन से जुडे पंचतिर्थों का निर्माण करवाकर उनके योगदान को सम्मान दिलवाया।
इस दौरान चंपालाल गेदर, महावीर रांका, किशन गोदारा दिलीप पुरी, छैलू सिंह, विक्रम सिंह राजपुरोहित, गुमान सिंह राजपुरोहित, दीपक पारीक, राजेंद्र पंवार, कर्नल हेमसिंह शेखावत, नारायण चौपड़ा, दिलीप पुरी, रामेश्वर पारीक, विनोद गिरी सहित बड़ी संख्या में विभिन्न क्षेत्रों से आए बड़ी संख्या लोग मौजूद रहे।





