







अहमदाबाद Abhayindia.com अहमदाबाद के मेघानी नगर क्षेत्र में गुरुवार को एक रिहायशी इलाके में एयर इंडिया का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान अहमदाबाद से लंदन (गैटविक) जा रहा था। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन चल रहा है। बताया जा रहा है कि टेक ऑफ के दौरान यह हादसा हुआ है। इस हादसे से जुड़ा वीडियो सामने आया है, जिसमें साफतौर से देखा जा सकता है कि कैस प्लेन क्रैश के बाद धुएं का गुबार उठ रहा है। एएनआई के मुताबिक, इस विमान में 242 यात्री सवार थे। राज्य पुलिस कंट्रोल रूम ने इस बात की पुष्टि की है।
इस हादसे के बाद सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट को फिलहाल बंद कर दिया गया है। साथ ही सभी फ्लाइट ऑपरेशन सस्पेंड कर दिए गए हैं।
एयर इंडिया ने पुष्टि की है कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जाने वाली उड़ान संख्या AI171 आज उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। अहमदाबाद से दोपहर 1338 बजे रवाना हुई इस उड़ान में बोइंग 787-8 विमान में 242 यात्री और चालक दल के सदस्य सवार थे। इनमें से 169 भारतीय नागरिक हैं, 53 ब्रिटिश नागरिक हैं, 1 कनाडाई नागरिक है और 7 पुर्तगाली नागरिक हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में ले जाया जा रहा है।
एयर इंडिया के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने भी विमान हादसे पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 171 आज एक दुखद हादसे का शिकार हो गई। इस घटना से प्रभावित सभी लोगों और उनके परिवारों के लिए हमारी गहरी संवेदनाएं हैं।
उन्होंने कहा कि इस समय हमारा ध्यान उन सभी लोगों की मदद करने पर है जो इस हादसे में प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को हर तरह की सहायता देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि हमारी इमरजेंसी टीम घटनास्थल पर मौजूद है। जरूरतमंद लोगों को पूरी मदद दी जा रही है। जैसे ही हमें और सही जानकारी मिलेगी, हम आगे अपडेट देते रहेंगे। उन्होंने बताया कि हमने एक इमरजेंसी हेल्प सेंटर शुरू किया है ताकि जिन परिवारों को जानकारी चाहिए, उन्हें मदद मिल सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू से बात की। उन्होंने विमान दुर्घटना का जायजा लिया। मंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे बचाव और राहत कार्यों की निगरानी के लिए अहमदाबाद जा रहे हैं। पीएम मोदी ने मंत्री से कहा है कि वे सभी आवश्यक सहायता तत्काल उपलब्ध कराएं और स्थिति के बारे में नियमित रूप से अपडेट रहें। सभी संबंधित एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और समन्वित प्रयास जारी हैं।




