






मुंबई Abhayindia.com सिने अभिनेता एवं बीकानेर के पूर्व सांसद धर्मेन्द्र का आज निधन हो गया। वे 89 साल के थे। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के विले पार्ले में स्थित पवन हंस श्मशान घाट में किया जाएगा। पत्नी हेमा मालिनी का एक वीडियो भी सामने आया है, बताया जा रहा है वह पवन हंस श्मशान घाट के लिए निकली हैं। धर्मेंद्र के बड़े बेटे सनी देओल मुखाग्नि देंगे। धर्मेन्द्र के निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक की लहर छा गई।
आपको बता दें कि धर्मेन्द्र का स्वास्थ्य पिछले काफी समय से खराब चल रहा था। इसके चलते वे उपचाराधीन थे। धर्मेंद्र के नाम हिंदी सिनेमा में सबसे ज्यादा हिट फिल्मों में काम करने का रिकॉर्ड है। उन्हें 2012 में पद्म भूषण से सम्मानित किया गया था। उन्होंने 300 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है। धर्मेंद्र ने 1960 में दिल भी तेरा हम भी तेरे से डेब्यू किया था। उन्हें पहली बार 1960 के दशक के बीच में आई मिलन की बेला, फूल और पत्थर, और आए दिन बहार के जैसी फिल्मों से लोकप्रियता मिली।
धर्मेन्द्र की प्रमुख फिल्में...
आंखें, शिकार, आया सावन झूम के, जीवन मृत्यु, मेरा गांव मेरा देश, सीता और गीता, राजा जानी, जुगनू, यादों की बारात, दोस्त, शोले, प्रतिज्ञा, चरस, धरम वीर, चाचा भतीजा, गुलामी, हुकूमत, आग ही आग, ऐलान-ए-जंग, तहलका, अनपढ़, बंदिनी, हकीकत, अनुपमा, ममता, मझली दीदी, सत्यकाम, नया ज़माना, समाधि, रेशम की डोरी, चुपके चुपके, दिल्लगी, द बर्निंग ट्रेन, गजब, दो दिशाएं और हथियार।


