Hometrendingएंजेल इंग्लिश स्कूल में बाल सरपंच चुनाव का आयोजन, विद्यार्थियों ने सीखी...

एंजेल इंग्लिश स्कूल में बाल सरपंच चुनाव का आयोजन, विद्यार्थियों ने सीखी लोकतांत्रिक प्रक्रिया

बीकानेर Abhayindia.com मुरलीधर व्यास कॉलोनी स्थित एंजेल इंग्लिश स्कूल में ELC (Electoral Literacy Club) के तत्वावधान में बाल सरपंच चुनाव का आयोजन उत्साह एवं लोकतांत्रिक भावना के साथ किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लोकतंत्र, मतदान प्रक्रिया एवं निर्वाचन प्रणाली की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना था।

संस्था प्रधान महेश व्यास ने बताया कि विद्यालय में आयोजित इस विशेष गतिविधि के माध्यम से बच्चों को चुनाव की संपूर्ण प्रक्रिया से रूबरू करवाया गया। विद्यार्थियों ने नामांकन से लेकर चुनाव प्रचार, प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह, मतपत्र तैयार करने, मतदान एवं मतगणना जैसी विभिन्न प्रक्रियाओं को समझा और उनमें सक्रिय भागीदारी निभाई।

चुनाव में विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रत्याशियों के रूप में भाग लिया तथा अपने-अपने चुनाव चिन्हों के माध्यम से मतदाताओं के समक्ष अपनी दावेदारी प्रस्तुत की। मतदान के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी पसंद के प्रत्याशी को मतपत्र के माध्यम से वोट दिया। पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न करवाया गया।

व्यास ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, निर्णय लेने की योग्यता, जिम्मेदारी एवं अनुशासन का विकास करती हैं। साथ ही विद्यार्थियों को यह समझने का अवसर मिलता है कि लोकतंत्र में प्रत्येक मत का कितना महत्व है।

विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा प्रदान करना ही नहीं, बल्कि विद्यार्थियों को एक जागरूक, जिम्मेदार एवं आदर्श नागरिक बनाना भी है। बाल सरपंच चुनाव इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक पहल है। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अंत में सभी विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।

AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular