बीकानेर Abhayindia.com लघु उद्योग भारती, जोधपुर प्रांत अध्यक्ष बाल किशन परिहार ने रीको (RIICO) के बीकानेर कार्यालय में ऑनलाइन दस्तावेज जमा करवाने के बावजूद उन्हीं दस्तावेजों की हार्ड कॉपी दोबारा मांगने तथा इसके लिए उद्यमियों को बार-बार कार्यालय बुलाने की प्रक्रिया पर गंभीर आपत्ति जताई है। संगठन ने RIICO के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर इस व्यवस्था में सुधार करने और उद्यमियों को अनावश्यक परेशानी से राहत दिलाने की मांग की है।
लघु उद्योग भारती के अनुसार, वर्तमान समय में सरकार डिजिटल इंडिया, ई-गवर्नेंस, पारदर्शिता और ईज ऑफ डूइंग बिजनेस को बढ़ावा देने पर जोर दे रही है। ऐसे में जब उद्यमी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दस्तावेज ऑनलाइन जमा करवा चुके हैं, तो उन्हीं दस्तावेजों की हार्ड कॉपी दोबारा मांगना और उन्हें कार्यालय के चक्कर लगाने के लिए मजबूर करना प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
संगठन ने कहा कि उद्यमियों का समय उद्योग के विकास में लगना चाहिए, न कि अनावश्यक कागजी औपचारिकताओं और कार्यालयी प्रक्रियाओं में। इस प्रकार की व्यवस्था से उद्यमियों का समय और संसाधन दोनों व्यर्थ होते हैं, जिसका प्रतिकूल प्रभाव औद्योगिक कार्यों की गति पर पड़ता है।
लघु एवं मध्यम उद्योग देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार सृजन और औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में औद्योगिक विभागों की जिम्मेदारी है कि वे प्रक्रियाओं को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध बनाएं, ताकि उद्यमियों को अपने कार्यों के निष्पादन में अनावश्यक बाधाओं का सामना न करना पड़े।
लघु उद्योग भारती, बीकानेर इकाई के अध्यक्ष राजेश गोयल ने RIICO के प्रबंध निदेशक से आग्रह किया है कि इस विषय में हस्तक्षेप कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। ऑनलाइन जमा किए गए दस्तावेजों की हार्ड कॉपी अनावश्यक रूप से मांगने की प्रक्रिया बंद की जाए तथा यदि किसी विशेष प्रकरण में हार्ड कॉपी नियमानुसार आवश्यक हो, तो उसके स्पष्ट कारण और नियम आवेदक को बताए जाएं।
संगठन ने यह भी मांग की है कि RIICO कार्यालय की संबंधित प्रक्रियाओं की समीक्षा कर ऐसी व्यवस्था विकसित की जाए, जिससे उद्यमियों के कार्य कम से कम समय में और अनावश्यक कार्यालयी चक्करों के बिना संपन्न हो सकें। लघु उद्योग भारती के हर्ष कंसल ने आशा व्यक्त की है कि RIICO प्रबंधन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई करेगा, ताकि डिजिटल कार्यप्रणाली का वास्तविक लाभ बीकानेर के उद्यमियों को मिल सके और उद्योगों के लिए सरल एवं अनुकूल व्यावसायिक वातावरण तैयार हो।



















