






बीकानेर Abhayindia.com उत्तर पश्चिम रेलवे के कारखाना, बीकानेर में शुक्रवार को एकीकृत पेंशन प्रणाली (UPS) पर जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का आयोजन कार्मिक एवं लेखा विभाग के संयुक्त सौजन्य से किया गया। कार्यशाला के मुख्य वक्ता आशीष लोढा, मैनेजर आईसीआईसीआई पेंशन फंड मैनेजमेंट ने एनपीएस और यूपीएस के नियमों व तुलनात्मक लाभों की जानकारी पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से दी। उन्होंने एनपीएस से यूपीएस में विकल्प चुनने की प्रक्रिया और आंकड़ों की जांच व सुधार की जानकारी भी दी।
सहायक कार्मिक अधिकारी अनिल मोदी ने बताया कि एनपीएस से यूपीएस विकल्प चुनने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2025 है। कर्मचारियों की सुविधा के लिए कारखाना, बीकानेर में हेल्प डेस्क/कियोस्क भी स्थापित किए गए हैं। इस अवसर पर विकास अग्रवाल मुख्य कारखाना प्रबंध लालगढ़, सहायक वित्त सलाहकार बी.एस. गुसाईवाल, सहायक कार्मिक अधिकारी अनिल मोदी सहित रेलवे के अनेक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


