






बीकानेर Abhayindia.com श्रीडूंगरगढ़ के धीरदेसर चोटियान गांव में गुरूवार रात पूर्व सरपंच की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सात जनों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस के अनुसार, पूर्व सरपंच मेघराज चोटिया (70) और उसके भाई व भतीजों के बीच रंजिश चल रही थी। इसी के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। मेघराज के बेटे रामनिवास ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि पूर्णाराम पुत्र गोरूराम, गीता देवी पत्नी पूर्णाराम, बलवीर पुत्र पूर्णाराम, शंकरलाल पुत्र पूर्णाराम, बजरंगलाल पुत्र पूर्णाराम, ओमप्रकाश पुत्र पूर्णाराम व किशनलाल पुत्र पूर्णाराम ने घर में घुसकर मेरे पिता की नींद में सोते दौरान कुल्हाड़ी से सिर पर चोट मार दी जिससे उनकी मृत्यु हो गई। शुक्रवार सुबह उसने मेघराज को लहूलुहान देखा तो बेटों व अन्य लोगों को घटना की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच कई बार समझाइश की कोशिश हुई थी। उम्मीद नहीं थी कि विवाद इतना बढ़ सकता है। बहरहाल, घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। कई जगह दबिश भी दी है। मेघराज वर्ष 2005 से 2010 तक धीरदेसर चोटियान गांव के सरपंच थे।


