





बीकानेर Abhayindia.com अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रख्यात भामाशाह और देशनोक के गौरव सुंदरलाल दुग्गड़ का 5 सितम्बर 2025 को कोलकाता में आकस्मिक निधन हो गया। इस दुखद समाचार से जैन समाज सहित संपूर्ण बीकानेर में शोक की लहर छा गई है। स्व. दुग्गड़ का जीवन समाज सेवा, धर्म, और शिक्षा के क्षेत्र में समर्पण का अनुपम उदाहरण रहा। उन्होंने बीकानेर में यूरोसाइंस सेंटर (Urosciences Centre) के निर्माण के लिए 4.5 करोड़ रुपये का महत्वपूर्ण दान देकर समाज को स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक नई दिशा प्रदान की। उनके प्रत्येक कार्य में समाजहित, धर्म-प्रचार और जैन संघ के उत्थान की भावना झलकती थी। उनके संकल्प के अनुसार, उनका देहदान किया गया, जो समाज के लिए प्रेरणास्रोत और जैन संघ के लिए गौरव का विषय है।
स्व. दुग्गड़ की स्मृति में सोमवार को यूरोसाइंस सेंटर पीबीएम अस्पताल के यूरोलोजी विभाग में दोपहर 1 से 2 बजे तक एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर एस.पी. मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. गुंजन सोनी, पीबीएम अधीक्षक डॉ. सुरेंद्र वर्मा, यूरोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. मुकेश आर्य, डॉ. जेपी स्वामी सहित चिकित्सक, नर्सिंग ऑफिसर और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। यूरोसाइंस सेंटर पीबीएम अस्पताल की ओर से स्व. दुग्गड़ को कोटिशः श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की गई कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की शक्ति दें।




