Saturday, April 25, 2026
Hometrendingबीकानेर में सरदार @150 यूनिटी मार्च के आयोजन में मंत्री और विधायक...

बीकानेर में सरदार @150 यूनिटी मार्च के आयोजन में मंत्री और विधायक के बीच रिश्‍तों की नई कहानी आई सामने

AdAdAdAdAdAdAd

बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में शनिवार को सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती पर सरदार @150 यूनिटी मार्च का आयोजन हुआ। इस दौरान केन्‍द्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्‍यास के बीच रिश्‍ते भी खुलकर सामने आए। असल में, पत्रकारों ने दोनों के रिश्‍तों को लेकर विधायक व्‍यास से सवाल किए तो उन्‍होंने कहा कि हमारे बीच कभी दूरियां नहीं रही। ये भ्रम प्रचार है। दोनों के बीच दूरियां रहेगी भी नहीं। हम कोई अलग-अलग नहीं चल रहे। हाथ थाम कर चल रहे है। हमने तो पहले ही हाथ थामे हैं। हम मीटिंग में, चुनाव में एक साथ होते हैं। हर क्षेत्र में साथ है। दिल से साथ है। मैं जब संघ में था और ये सांसद थे, तब भी हम साथ थे, हम सब एक है। आपको बता दें कि इससे पहले मंत्री मेघवाल और विधायक व्‍यास के बीच कुछ अनबन होने की खबरें चली थी। इस पर विधायक व्‍यास ने जब जवाब दिए तब मंत्री अर्जुनराम मेघवाल लगातार मुस्‍कुरा रहे थे।

इससे पहले केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने सरदार वल्लभभाई पटेल की 150 वीं जयंती के अवसर पर आयोजित सरदार @ 150 यूनिटी मार्च (पदयात्रा) को संबोधित करते हुए कहा कि कहा कि देश की एकता के साथ पारिवारिक एकता बनाए रखना भी अत्यंत जरूरी है। इस अवसर पर मेघवाल और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज से नागणेची मंदिर तक निकली रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यूनिटी मार्च के प्रारंभ में मंत्री मेघवाल ने मेडिकल कॉलेज परिसर स्थित सरदार पटेल की मूर्ति के सामने नव विवाहित जोड़े भवानी शंकर कुमावत और राजल को पारिवारिक एकता बनाए रखने की शपथ दिलाई। कोलायत के खारी गांव निवासी भवानी शंकर कुमावत दिल्ली विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर और भीनासर निवासी उनकी पत्नी राजल यूपीएससी की तैयारी कर रही है। दोनों ने पारिवारिक एकता की शपथ ली। मेघवाल ने इस दौरान उपस्थित सभी लोगों को भी 25 नवंबर तक 150 नव दंपत्ति जोड़ों तक एकता का संदेश प्रसारित करने की शपथ दिलाई। यूनिटी मार्च के दौरान केंद्रीय मंत्री ने देराजसर के दुर्गाराम भादू के चाय के ढाबे पर रूक कर चाय बनाई और पी भी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में एकता का संदेश जाना चाहिए। साथ ही कहा कि उन्होंने घर में चाय बनाई है और पिलाई भी है।

1909 में एक केस की पैरवी कर
पटेल ने 46 लोगों की बचाई जान

नागणेची मंदिर के बाहर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मेघवाल ने बताया कि सरदार पटेल प्रसिद्ध वकील थे। 1909 में 46 भारतीयों को मौत की सजा सुनाए जाने के एक केस में पैरवी कर रहे थे तो उन्हें एक पर्ची पकड़ाकर पत्नी की मृत्यु हो जाने की जानकारी दी गई लेकिन पटेल ने बिना विचलित हुए पैरवी जारी रखी। उन्होंने अंग्रेज जजों से कहा कि मैं अपनी पत्नी को वापस नहीं ला सकता लेकिन इन 46 लोगों को न्यू लाइफ दे सकता हूँ। जजों ने पटेल से प्रभावित होकर 46 लोगों की मौत की सजा माफ कर दी।

रियासतों को भारत में विलय करवा
कर दिया एकता का संदेश

मेघवाल ने कहा कि सरदार पटेल ने चुनौती स्वीकार करते हुए 562 देशी रियासतों को भारत के साथ विलय करवा कर भारत को एक बनाया। लिहाजा देश में जितने भी संसदीय क्षेत्र हैं उनमें 25 नवंबर तक तीन-तीन यूनिटी मार्च निकाले जाएंगे। प्रधानमंत्री मोदी भारत को श्रेष्ठ बनाने में लगे हुए हैं। 2047 तक विकसित भारत की योजना है।

पाक अधिकृत कश्मीर भी एक
दिन भारत में शामिल होगा

बीकानेर पश्चिम विधायक जेठा नंद व्यास ने कहा कि देश के प्रथम गृहमंत्री लौह पुरुष सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर पूरे देश में एकता यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। अगर सरदार पटेल नहीं होते तो देश के कई हिस्से भारत से दूर हो जाते। साथ ही कहा कि पाक अधिकृत कश्मीर भी एक दिन भारत में शामिल होगा। शहर भाजपा अध्‍यक्ष सुमन छाजेड़ ने कहा कि हम सब जाति, धर्म से ऊपर उठकर एकता और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ेंगे और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 2047 तक देश को विकसित भारत बनाए जाने के सपने को साकार करेंगे।

31 अक्टूबर से 5 दिसंबर तक
देशभर में कार्यक्रमों का आयोजन

इससे पूर्व मेरा युवा भारत केन्द्र की सुश्री रूबी पाल ने स्वागत भाषण देते हुए बताया कि सरदार पटेल की 150 वीं जयंती पर 31 अक्टूबर से 5 दिसंबर तक देशभर के सभी राज्यों और जिलों में विभिन्न आयोजन किए जा रहा हैं। कार्यक्रम में धन्यवाद ज्ञापन पूर्व उप महापौर राजेन्द्र पंवार ने दिया। मंच संचालन कौशल शर्मा ने किया। मार्च के दौरान हैड कांस्टेबल दिनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बैंड ने स्वर लहरियां बिखेरी।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!