





जयपुर Abhayindia.com राजधानी के श्याम नगर में स्थित बाईपास पर मंगलवार सुबह हुए सड़क हादसे में चार की मौत हो गई, वहीं एक महिला गंभीर रूप से घायल है। हादसे के वीडियो फुटेज में देखा जा सकता है कि कैसे एक तेज रफ्तार ट्रॉला सड़क किनारे खड़े लोगों की तरफ बढ़ता है और उन्हें रौंद डालता है। इस दिल दहला देने वाले हादसे में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर अब 4 हो गया है, जिसमें 3 मासूम बच्चे भी शामिल हैं, वहीं 1 घायल महिला की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
हादसे में परिवार के तीन मासूम बच्चों रमेश, रतन और दीपक की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि एक बच्चे का शव दूर नाले में जा गिरा, जबकि घटनास्थल पर खून और शवों के अवशेष बिखर गए। पुलिस ने शवों को एकत्र कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। घटना में बच्चों की मां कैलाशी गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उनके दोनों पैरों में फ्रैक्चर बताया जा रहा है और उनका उपचार एसएमएस अस्पताल में जारी है। वहीं पिता चंद्र प्रकाश को भी गंभीर घायल होने के बाद अस्पताल भेजा गया लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी जान चली गई। जानकारी के अनुसार कैलाशी के कुल पांच बच्चे हैं, जिनमें से तीन की इस हादसे में मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घर में हैं।
पुलिस के अनुसार परिवार मूल रूप से जेतपुरा का रहने वाला है और वर्तमान में गांधी पथ क्षेत्र में रह रहा था। परिवार मजदूरी के साथ चौराहों पर खिलौने, गुब्बारे, झाडू और अन्य छोटे.मोटे सामान बेचकर अपना जीवनयापन करता था। मंगलवार सुबह भी परिवार रोजी रोटी की तलाश में अजमेर रोड पर पैदल जा रहा था, तभी दिल्ली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रोले ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
श्याम नगर थाने के एसआई रामेश ने बताया कि ट्रोले को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।








