Hometrendingसोनिया गांधी से मुलाकात के बाद सचिन पायलट का बड़ा बयान, कहा-...

सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद सचिन पायलट का बड़ा बयान, कहा- सब कुछ ठीक कर…

नई दिल्‍ली/जयपुर Abhayindia.com राजस्‍थान में सियासी संकट के चलते दिल्‍ली में राजनीतिक गहमागहमी तेज हो गई है। आज शाम कांग्रेस की कार्यकारी अध्‍यक्ष सोनिया गांधी से राजस्‍थान के मुख्‍यमंत्री अशोक गहलोत की मुलाकात के बाद अब पूर्व उपमुख्‍यमंत्री सचिन पायलट ने सोनिया गांधी से मुलाकात की है। इस दौरान कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल भी वहां मौजूद रहे।

करीब एक घंटे चली बैठक के बाद सचिन पायलट ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि राजस्थान को लेकर आलाकमान से विस्तार से चर्चा हुई। हमारा मकसद है कि हम अगली बार भी राजस्थान में सरकार बनाएं। सब कुछ ठीक कर लिया जाएगा। सोनिया गांधी ने बड़ी ही शांति से मेरी बात सुनी। जयपुर में जो कुछ हुआ, उस पर विस्तार से बात हुई। मैंने अपनी भावनाएं जाहिर कर दी हैं। जो भी निर्णय होगा, वह पार्टी लेगी। 30 साल से राजस्थान में सरकार बनाने का पांच-पांच साल की परिपाटी बनी है। 2023 में सरकार कैसे रिपीट हो, उस उद्देश्य से काम करना है। इस पर विस्तार से चर्चा की गई। फिर से राजस्थान में सरकार बनाना हमारी प्राथमिकता है। हमें साथ काम करना होगा। इस दौरान मीडिया के सवाल राजस्थान का सीएम कौन होगा, इसका  पायलट ने कोई जवाब नहीं दिया।

इधर, आपको बता दें कि राजस्थान में बयानबाजी करने वाले नेताओं के लिए वेणुगोपाल ने एडवाइजरी जारी की है। एडवाइजरी में पार्टी नेताओं को बयानबाजी से बचने की नसीहत दी है। उल्लंघन करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

आपको बता दें कि इससे पहले मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की सोनिया गांधी से करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात हुई। मीटिंग के बाद गहलोत ने साफ कर दिया कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष के साथ बैठकर मैंने बात की है। मैंने हमेशा वफादार सिपाही के रूप में काम किया है। विधायक दल की बैठक के दिन हुई घटना ने सबको हिलाकर रख दिया। ऐसा लगा जैसे कि मैं मुख्यमंत्री बना रहना चाहता हूं, इसलिए मैंने उनसे माफी मांगी है।
AdAdAdAd
- Advertisment -

Most Popular