






जयपुर Abhayindia.com राजस्थान पर्यटन आज केवल किलों–महलों के दर्शन तक सीमित नहीं रह गया है अपितु यह सेक्टर अब निवेश, नवाचार, रोजगार सृजन और वैश्विक ब्रांडिंग का सशक्त मॉडल बनकर उभरा है। राइजिंग राजस्थान अभियान, नई पर्यटन नीति, ऐतिहासिक स्मारकों में लौटती रौनक, धार्मिक व ग्रामीण सर्किट और फेयर-फेस्टिवल्स के विस्तार ने प्रदेश को पर्यटन के एक नए युग में पहुंचा दिया है। जिनके चलते प्रदेश में घरेलू पर्यटकों की जबरदस्त बढ़ोतरी हुई है।
पर्यटन आयुक्त रुक्मणि रियाड़ ने बताया कि विगत वर्ष की तुलना में इस वर्ष राजस्थान में आने वाले पर्यटकों की संख्या में 9.74 प्रतिशत की वृद्धि हुई। उन्होंने बताया कि भारत में आई विदेशी पर्यटकों के आगमन की गिरावट के तहत अन्य राज्यों की तुलना में राजस्थान में विदेशी पर्यंटकों के आगमन में गिरावत कम है। जहाँ भारत में सितम्बर 2025 तक विदेशी पर्यटक यात्राओं में वर्ष 2024 की तुलना में 12.53 प्रतिशत की कमी हुई है वहीं, राजस्थान में विदेशी पर्यटक यात्राओं की संख्या में मात्र 6.4 प्रतिशत की कमी आई है।
वहीं, प्रदेश घरेलू पर्यटन की रिकॉर्ड वृद्धि एक उपलब्धि और अवसर के रूप में उभर कर आई है जिससे आने वाले वर्षो में राजस्थान पर्यटन नई ऊचाई छूने की ओर अग्रसर होगा। उल्लेखनीय है कि राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न ट्रैवल मार्ट्स जैसे आईटीबी बर्लिन 3 से 5 मार्च 2025, BITE बिजिंग चीन 27 से 29 जून 2025, टूरिज्म एक्सपो जापान 24 से 27 सितम्बर 2025, आईमेक्स युएसए 13 से 15 अक्टूबर 2025, डब्लूटीएम लंदन 3 से 5 नवंबर 2025 में सहभागिता कर राजस्थान पर्यटन के महत्वपूर्ण प्रस्तुतिकरण और शानदार मार्केटिंग के आधार पर राजस्थान पर्यटन को लाभ होगा। आने वाले समय में राजस्थान में विदेशी पर्यटकों के आगमन वृद्धि होने का अनुमान लगाया जा सकता है।
पर्यटन आयुक्त ने बताया कि गत माह दिसम्बर 2025 में राजस्थान पर्यटन नीति 2025 एवं राजस्थान फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन नीति 2025 के लागू होने से आने वाले समय में पर्यटकों को नए अनुभव एवं विदेशी फिल्म शूंटिंगों के माध्यम से विदेश में राजस्थानी पर्यटन स्थलों के प्रति आकर्षण बढ़ेगा और विदेशी सैलानी तेजी से आकर्षित होंगे। उन्होंने बताया कि जयपुर में प्रतिवर्ष होने वाले ग्रेट इंडिया ट्रैवल बाजार के माध्यम से भी बड़े विदेशी टूर ऑपरेटर एवं ट्रेवल एजेंट के माध्यम से भी विदेशी पर्यटकों को आकर्षित किया जाएगा, जिससे इस वर्ष में पर्यटकों के आगमन में वृद्धि होगी।
पर्यटन आयुक्त ने बताया कि राजस्थान में घरेलू पर्यटकों की यात्राओं में वृद्धि एक अच्छा अवसर है जिस का लाभ राजस्थान को होगा इसके लिए आवश्यक ढांचागत विकास और अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं को विकसित किया जाना हमारा लक्ष्य है, ताकि राजस्थान में आने वाले पर्यटकों को बेहतरीन अनुभव हो सके और रिपीट टूरिज्म भी बढ़े।


