





बीकानेर Abhayindia.com नगर निगम प्रशासन ने शहर में अग्नि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। फायर एनओसी और अन्य सुरक्षा मानकों की जांच के बाद निगम ने एक दर्जन संस्थाओं को नोटिस जारी किया है। इन संस्थाओं की ओर से निर्धारित अवधि में आवश्यक सुधार नहीं करने पर सीज करने की चेतावनी दी गई है।
आपको बता दें कि निगम की ओर से जिन संस्थाओं का निरीक्षण किया उनमें अग्नि सुरक्षा से जुड़ी गंभीर खामियां सामने आईं। एक कम्प्यूटर सेंटर के निरीक्षण के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी सामने आई। यहां विद्युत तार खुले पाए गए, जबकि आपातकालीन स्थिति में निकासी के लिए केवल एक ही एग्जिट गेट उपलब्ध था। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के आने-जाने के बावजूद पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं मिले। निरीक्षण टीम ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संस्थान को सीज करने का नोटिस जारी किया है। निर्धारित समय में कमियां दूर नहीं करने पर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। इसी तरह एक लाइब्रेरी में भी अनियमितता देखने को मिली।
सहायक अग्निशमन अधिकारी जगवीरसिंह कटारिया ने बताया कि बुधवार कोशहर की 12 संस्थाओं को नोटिस जारी किए गए हैं। सभी संस्थानों को सात दिन के भीतर अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना सुनिश्चित करने और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि कोचिंग संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी आते हैं। ऐसे में अग्नि सुरक्षा मानकों की पालना अनिवार्य है। भविष्य में भी जांच अभियान जारी रहेगा और नियमों की अवहेलना करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।






