नोखा Abhayindia.com भारत सरकार की ओर से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के दौरान किए गए कार्यों के लिए देशभर के चयनित शहरी निकायों में प्रदेश के करीब 200 शहरी निकायों में से दो निकायों का चयन किया गया। इसमें नगर पालिका नोखा का चयन भी किया गया है।
इस संबंध में नोखा नगरपालिका कार्यालय में पालिका अध्यक्ष नारायण झंवर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पालिकाध्यक्ष झंवर ने बताया कि देश की आजादी के 75 वीं वर्षगांठ के उपलक्ष में “आजादी का अमृत महोत्सव” देश भर में मनाया जा रहा है। जिसके तहत 1 जुलाई से 14 अगस्त 2022 के मध्य पथ विक्रेताओं एवं उनके परिवारों के लिए “स्वनिधि महोत्सव” नगरीय निकाय क्षेत्र में आयोजित करने के लिए निर्देशित किया गया है। इसके तहत आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय नई दिल्ली भारत सरकार द्वारा देशभर के राज्यों को उनके द्वारा उक्त योजनान्तर्गत अच्छा कार्य कर रहे शहरों का चयन किया गया जो कि देशभर के 75 एवं उनमें से राज्य से 2 शहरों का चयन किया गया है। जिनमें से नोखा नगर पालिका शहर एक है। वहीं, प्रदेश दूसरा शहर नगर निगम अजमेर चयनित हुआ है। उक्त योजनान्तर्गत पथ विक्रेताओं को पंजीकृत कर विभिन्न वित्तीय सहायता के जरिये समृद्ध बनाने एवं सुविधा उपलब्ध करवाने के क्षेत्र में नोखा नगर पालिका ने सर्वे में श्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। जिसके लिए ही भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय नई दिल्ली द्वारा पूरे राज्य में नोखा एवं अजमेर निकाय को उच्च श्रेणी के कार्य हेतु “स्वनिधि महोत्सव के आयोजन के लिए चयनित किया गया है। इसके तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करने हेतु बैठक में 24 जुलाई 2022 नियत की गई।
बैठक में ईओ अविनाश शर्मा ने बताया कि भारत सरकार द्वारा शहरी पथ विक्रेताओं को समृद्ध बनाने हेतु वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए लागू योजना प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना संचालित है। जिसमें नगर पालिका नोखा द्वारा क्षेत्र के 1028 पथ विक्रेताओं को पंजीकृत कर उनमें से 527 पथ विक्रेताओं को आर्थिक सम्बल प्रदान करने के लिए 10000 एवं 33 पथ विक्रेताओं को 20000 एवं उसके बाद आवेदित पथ विक्रेताओं को 50000 का ऋण सहायता रियायति ब्याज के दिए जाएंगे। बैठक में पालिका उपाध्यक्ष निर्मल कुमार भूरा, पार्षद अंकित तोषनीवाल, जगदीश मांझू, नारायण सिंह, अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजूराम जाट, वरिष्ठ सहायक श्रवणसिंह सहित पालिका उपस्थित रहे।




















