जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मानसून जमकर बरस रहा है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 30 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, मंगलवार को बारां, धौलपुर, झालावाड़, करौली, कोटा और सवाई माधोपुर के लिए भारी से अतिभारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार, अजमेर, अलवर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, जयपुर, प्रतापगढ़, टोंक, हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसी तरह बांसवाड़ा, डूंगरपुर, झुंझुनूं, राजसमंद, सीकर, सिरोही, उदयपुर, बीकानेर, चूरू, जालोर, नागौर और पाली में भी बारिश के आसार बने हुए है।
विभाग ने बताया कि प्रदेश में बीते चौबीस घंटे के दौरान चूरू में 38.6 मिलीमीटर, करौली में 36 मिलीमीटर, बीकानेर में 14.2, दौसा के सिकराय में 13, अलवर के राजगढ़ में 13, करौली के टोडाभीम में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दौसा में भी तूफानी बारिश ने जमकर कहर बरपाया। तेज अंधड़ और बारिश के चलते सैकड़ों पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। जिसके चलते हाईवे पर भी यातायात बाधित हुआ।













