








जयपुर Abhayindia.com खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री सुमित गोदारा गुरुवार को टोंक जिले में खाद्य आपूर्ति व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान सख्त नजर आए। जिला परिषद सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने अधिकारियों से लंबित कार्यों की जानकारी ली और राशन की रिक्त दुकानों के समय पर आवंटन नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त की।
बैठक के दौरान मंत्री गोदारा ने जिला आपूर्ति अधिकारी इंद्रपाल मीना को फटकार लगाते हुए आज शाम तक रिक्त दुकानों की विज्ञप्ति जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो डीएसओ को एपीओ करने की अनुशंसा की जाएगी। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विभागीय लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आमजन को समय पर सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में मंत्री गोदारा ने ‘गिव अप अभियान’ की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राजस्थान में अब तक 39 लाख से अधिक लोगों ने स्वेच्छा से राशन सूची से अपना नाम हटाया है। मंत्री ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि जागरूकता के कारण सक्षम लोग स्वयं आगे आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि टोंक जिले में 89,982 व्यक्तियों ने स्वेच्छा से नाम हटाया, जबकि 1,60,000 नए लाभार्थी जोड़े गए हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि निर्धारित समयसीमा के बाद अपात्र लोगों से वसूली की जाएगी।
मंत्री गोदारा ने कहा कि 2014 के बाद मोदी सरकार की नीतियों से लाखों लोग गरीबी रेखा से ऊपर आए हैं। जैसलमेर बस अग्निकांड पर उन्होंने गहरी संवेदना व्यक्त की और घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति सहानुभूति प्रकट की।


