Friday, May 15, 2026
Hometrendingऑपरेशन ब्लैक सिम : साइबर गिरोह का पर्दाफाश, दस सदस्‍य गिरफ्तार, मोबाइल,...

ऑपरेशन ब्लैक सिम : साइबर गिरोह का पर्दाफाश, दस सदस्‍य गिरफ्तार, मोबाइल, लैपटॉप बरामद

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

बालोतरा Abhayindia.com बालोतरा पुलिस ने ‘ऑपरेशन ब्लैक सिम’ अभियान के तहत बड़ी कार्यवाही को अंजाम देते हुए फर्जी सिम कार्ड बनाने और बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। इस गिरोह ने करीब 50 हजार फर्जी सिम कार्ड जारी किए थे। पुलिस ने कार्रवाई में 19 मोबाइल, 3 लैपटॉप बरामद किए और 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया।

बालोतरा पुलिस अधीक्षक रमेश के अनुसार, मुख्यालय के निर्देश पर साइबर अपराधों की रोकथाम और फर्जी सिम कार्ड से जुड़ी गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया गया। इस गिरोह का संचालन संदीप ने शुरू किया था। उसने बालोतरा और पचपदरा में सिम कार्ड वितरकों से संपर्क कर अपना नेटवर्क बनाया। मुख्य सरगना जयपुर निवासी लोकेश बालोतरा सहित जालोर, सिरोही, टोंक, जयपुर और धौलपुर जिलों से फर्जी सिम मंगवाता था। गिरोह हजारों सिम कार्ड विभिन्न लोगों के नाम पर बिना उनकी जानकारी के जारी कर, उन्हें अवैध गतिविधियों जैसे ऑनलाइन धोखाधड़ी, मादक पदार्थ तस्करी और अन्य संगठित अपराधों में उपयोग कर रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी मोबाइल कंपनी के एजेंट और डिस्ट्रिब्यूटर से मिलीभगत कर फर्जी दस्तावेजों से नए सिम कार्ड एक्टिवेट करते थे। ग्राहक का फोटो लेकर उस पर नई कंपनी का सिम एक्टिवेट करते और बाद में वही सिम अन्य अपराधियों को ऊंचे दाम पर बेच देते थे। जब भी ग्राहक नया सिम, केवाईसी या फिर पोर्ट करवाने आता था, तो उस वक्त गिरोह प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे फेल बता देता था। इसी वक्त ग्राहक की आईडी ने दूसरी कंपनी की सिम जारी कर ली जाती थी। इसके बाद वे एक सिम ग्राहक को देते, वहीं दूसरी सिम अपने पास रख लेते थे।

पुलिस ने गिरोह में शामिल बालोतरा निवासी विक्रम कुमार, संदीप कुमार, राहुल, मोहनगिरी, राकेश चौधरी, नारायण, जयपुर ग्रामीण निवासी लोकेश जाजोरिया, शिव निवासी हरीशचंद्र, जसोल निवासी मुकेश कुमार और जोधपुर निवासी भीमसिंह को गिरफ्तार किया है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!