बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट व बदसलूकी के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के नाम सनी, आजाद, सोनू और अरुण बताए जा रहे हैं। वहीं, वारदात का मुख्य आरोपी मोहित अरोड़ा पुत्र दीपक अरोड़ा अब भी फरार है। फरारी के दौरान आरोपी सोशल मीडिया पर अपनी सफाई देते हुए वीडियो भी अपलोड कर रहा है। पुलिस का दावा है कि मुख्य आरोपी को भी जल्द ही दबोच लिया जाएगा।
थाने पर डटे रहे कांग्रेसी, मेघवाल ने जताई साजिश की आशंका
आपको बता दें कि अध्यक्ष मेघवाल के साथ हुई घटना के बाद कांग्रेसजन पिछले कई घंटों से जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने पर डटे रहे। अध्यक्ष मेघवाल ने पुलिस प्रशासन से मुख्य आरोपी को भी जल्द पकड़ने की मांग करते हुए मामले की तह में जाकर जांच कराने की मांग की है। मेघवाल ने आशंका जताई है कि इस घटना के पीछे कुछ और लोगों का हाथ भी हो सकता है।
गहलोत-डोटासरा ने की निंदा
बहरहाल, मेघवाल के साथ हुई घटना की पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि टिकट कटने की बात को लेकर इस तरह से घटना करना उचित नहीं कहा जा सकता। आपको बता दें कि वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस ने नवरतन डागा को प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के लिए अध्यक्ष मेघवाल डुप्लेक्स कॉलोनी पहुंचे थे। उद्घाटन के बाद मोहित अरोड़ा और उसके साथियों ने मेघवाल से मारपीट व बदसलूकी की। वहीं, आरोपी का कहना है कि उसका सिंबल चोरी करके नवरतन डागा को दे दिया गया।
















