बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ मारपीट व बदसलूकी करने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर कांग्रेसजन जयनारायण व्यास कॉलोनी थाने पहुंच गए। स्वयं मेघवाल और देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं के शिष्टमंडल ने थानाप्रभारी देवेन्द्र सिंह से मिलकर आरोपियों को त्वरित गिरफ्तार करने की मांग की। शिष्टमंडल ने गिरफ्तारी को लेकर चार घंटे का अल्टीमेटम दिया। थानाप्रभारी ने जल्द ही कार्रवाई का आश्वासन दिया।
शिष्टमंडल ने बताया कि घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग भी आरोपियों ने ही की थी। उनके पास हथियार भी थे। अध्यक्ष मेघवाल ने कहा कि मोहित अरोड़ा पुत्र दीपक अरोड़ा सहित पांच-छह जनों के खिलाफ परिवाद दिया है। शिष्टमंडल ने मेघवाल की सुरक्षा पुख्ता करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि आरोपियों का मकसद क्षेत्र में डर फैलाना है।
दीपक अरोड़ा का आरोप- टिकट में धोखा
इधर, दीपक अरोड़ा ने जिला अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके बेटे मोहित अरोड़ा के नाम का टिकट कांग्रेस पार्टी स्तर पर फाइनल था और उन्होंने नामांकन भी दाखिल कर दिया था, लेकिन कथित तौर पर जिला अध्यक्ष ने सिम्बल किसी दूसरे प्रत्याशी को दे दिया।
दीपक अरोड़ा के अनुसार, पूर्व जिला अध्यक्ष यशपाल गहलोत ने भी उन्हें भरोसा दिया था कि उनके बेटे मोहित अरोड़ा का नाम टिकट के लिए तय है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला अध्यक्ष ने अपने निजी हितों के लिए कूटरचित और फर्जी सिम्बल नवरतन डागा को दे दिया। साथ ही, कांग्रेस का खुला कार्यालय भी निजी स्वार्थ के लिए जिला अध्यक्ष मदन मेघवाल को दिए जाने का आरोप लगाया।
दीपक अरोड़ा ने कहा कि मारपीट की घटना गलत है, लेकिन उनके साथ टिकट को लेकर धोखा हुआ है। उन्होंने थाने में एफआईआर दर्ज कराने और कानूनी लड़ाई लड़ने की बात कही।
सर्वदलीय निंदा, वार्ड 50 बना हॉटस्पॉट
आपको बता दें कि वार्ड नंबर 50 से कांग्रेस ने नवरतन डागा को प्रत्याशी बनाया है। प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के लिए अध्यक्ष मेघवाल डुप्लेक्स कॉलोनी पहुंचे थे। उद्घाटन के बाद मोहित अरोड़ा और उसके साथियों ने मेघवाल से मारपीट व बदसलूकी की।
इधर, शहर अध्यक्ष मेघवाल पर हुए हमले की चौतरफा निंदा हो रही है। पूर्व मंत्री डॉ. बी. डी. कल्ला, देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत, देहात भाजपा अध्यक्ष श्याम पंचारिया, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य गोपाल गहलोत, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल के पुत्र रविशेखर मेघवाल सहित कांग्रेस व भाजपा के अनेक नेताओं ने इस घटना पर रोष जताते हुए कड़े शब्दों में निंदा की है।
















