जयपुर Abhayindia.com राजस्थान के कई शहरों में सरकारी भूमि पर बसी अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्ती से पेश आ रही है। खासतौर से राजधानी जयपुर में लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही को अंजाम दिया जा रहा है। इसी क्रम में जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने जोन-13 क्षेत्र के आगरा रोड व नायला रोड गिला की नांगल में कार्रवाई करते हुए करीब 15 बीघा भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाया। उधर, बीकानेर में बीडीए की ओर से चकगर्बी में चलाई गई कार्यवाही अब रोक दी गई है। बीडीए ने चकगर्बी में पिछले दिनों करीब सौ करोड की भूमि अतिक्रमियों के चंगुल से मुक्त करवाई थी। इस बीच, विरोध प्रदर्शन शुरू होने पर प्रशासन ने एकबारगी बीडीए का बुलडोजर थम गया है।
जयपुर में गिला की नांगल और नायला रोड क्षेत्र में नहर की लगभग 400 मीटर सरकारी भूमि पर बनाई गई अवैध सड़कों और तारबंदी को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। महानिरीक्षक पुलिस कैलाश चन्द्र विश्नोई के अनुसार, जोन 13 क्षेत्र में सरकारी भूमि पर अवैध रूप से बाउंड्रीवाल, सीमेन्ट पिलर, पत्थर-मलवा डालकर कब्जा करने की सूचना मिली। जिस पर जेडीए प्रवर्तन दल ने कार्रवाई की। इस दौरान ग्राम हरध्यानपुरा में ‘राजेन्द्र नगर’ नाम से बसाई जा रही अवैध कॉलोनी में बिना स्वीकृति बाउंड्रीवाल, टीनशेड और ट्रीगार्ड बनाकर कब्जा किया गया था। जेडीए ने जनता से अपील की है कि किसी भी भूखण्ड को खरीदने से पहले जेडीए से स्वीकृति की जानकारी अवश्य लें।













