जयपुर Abhayindia.com अतिरिक्त मुख्य सचिव स्कूल शिक्षा राजेश कुमार यादव के निर्देशानुसार शिक्षा संकुल में गुरुवार को ज्ञान संकल्प पोर्टल पर भामाशाहों द्वारा विद्यालयों में विकास कार्यों के लिए प्रस्तुत प्रस्तावों की संवीक्षा के लिए राज्य स्तरीय संवीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। राज्य परियोजना निदेशक एवं समन्वयक डॉ. रश्मि शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अब तक प्राप्त सभी प्रस्तावों की विस्तृत संवीक्षा की गई।
बैठक में 22 विद्यालयों के लिए कुल 34 करोड़ रुपये की राशि के विकास कार्यों के प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। स्वीकृत प्रस्तावों में नवीन विद्यालय भवन निर्माण, मेजर मरम्मत तथा सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने से संबंधित कार्य शामिल हैं। इन कार्यों से विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ विद्यार्थियों को बेहतर एवं आधुनिक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। स्वीकृत प्रस्तावों में 4 करोड़ रुपये से अधिक राशि के 3 प्रस्ताव, 2 से 4 करोड़ रुपये के 7 प्रस्ताव, 1 से 2 करोड़ रुपये का 1 प्रस्ताव तथा 1 करोड़ रुपये से कम राशि के 11 प्रस्ताव शामिल हैं।
राज्य परियोजना निदेशक एवं समन्वयक डॉ. रश्मि शर्मा ने शिक्षा के विकास में सहयोग के लिए सभी भामाशाहों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालयों के विकास में समाज की भागीदारी शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाती है। उन्होंने कहा कि ज्ञान संकल्प पोर्टल के माध्यम से भामाशाहों के सहयोग को विद्यालयों की आवश्यकताओं से जोड़कर विद्यार्थियों के लिए बेहतर सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। इन विकास कार्यों से विद्यालयों में सुविधाओं के विस्तार के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, ऊर्जा दक्षता और सुरक्षित एवं बेहतर शिक्षण वातावरण को बढ़ावा मिलेगा। शिक्षा के क्षेत्र में भामाशाहों की यह भागीदारी सरकार और समाज के समन्वित प्रयासों का प्रेरक उदाहरण है।













