बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर रेंज पुलिस आमजन की खोई हुई संपत्ति को वापस दिलाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी क्रम में बीकानेर रेंज साइबर व सोशल मीडिया सेल ने महानिरीक्षक ओमप्रकाश के निर्देशन में रेंज के जिला पुलिस के समन्वय, सहयोग व तकनीकी सहायता से पिछले 03 दिन से 04 साल की अवधि में गुम हुए 200 मोबाइल फोन बरामद किए। इनकी अनुमानित कीमत 50 लाख रुपये है। सभी मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए गए। मोबाइल फोन वापस मिलने पर धारकों के चेहरे पर खुशी की मुस्कान लौट आई। धारकों ने पुलिस की कार्यवाही की सराहना करते हुए पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया।
इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक मुदुल कच्छावा, एएसपी पवनकुमार भदौरिया, सुखविन्द्र पाल सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक व प्रहलाद राय, पुलिस उप अधीक्षक, लीव रिजर्व, रेंज कार्यालय, बीकानेर उपस्थित रहे। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में विमलेश कुमार, सहायक उप निरीक्षक, बाबूलाल डूडी, कांस्टेबल रेंज कार्यालय बीकानेर, गोविन्दसिंह, कांस्टेबल जिला बीकानेर, विनोद कुमार, कांस्टैबल 1391 जिला श्रीगंगानगर, सुश्री रानी, महिला कांस्टेबल जिला हनुमानगढ़ व सुनील कुमार, कांस्टेबल चूरू शामिल रहे।
बीकानेर रेंज पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन अथवा अन्य कोई सामान गुम होने पर तत्काल संबंधित पुलिस थाने में सूचना दें। पुलिस तकनीकी संसाधनों के जरिए गुमशुदा सामान की तलाश कर उसे वास्तविक धारक तक पहुंचाने का हरसंभव प्रयास करती है।













