Friday, May 15, 2026
Hometrendingविद्युत निगमों में तकनीशियन की मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी,...

विद्युत निगमों में तकनीशियन की मुख्य परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र जारी, पहली बार आधार से भी सत्यापन

AdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर Abhayindia.com राजस्थान राज्य के विद्युत निगमों में तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई)/ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई)/प्लांट अटेंडेन्ट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2163 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाईन मुख्य परीक्षा का आयोजन राजस्थान के ग्यारह जिलों में 23 फरवरी, 2026 को दो पारियों में किया जायेगा। मुख्य परीक्षा की स्कीम एवं सिलेबस संबंधी सम्पूर्ण जानकारी विद्युत निगमों की वेबसाईट पर अपलोड कर दी गई है।

मुख्य परीक्षा की समयावधि 2 घंटे की होगी जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न होगें। गलत उत्तर देने पर निगेटिव मार्किंग का भी प्रावधान है। अभ्यर्थी विद्युत निगमों की वेबसाईट से अपने प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। इस संबंध में अभ्यर्थियों को उनके मोबाईल नम्बर एवं ई-मेल द्वारा भी सूचित कर दिया गया है। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए विद्युत निगमों की वेबसाईट पर इन्फोर्मेशन हेण्डआउट भी अपलोड किये गये हैं।

उल्लेखनीय है कि विद्युत निगमों में तकनीशियन-तृतीय (आईटीआई)/ऑपरेटर-तृतीय (आईटीआई)/प्लांट अटेंडेन्ट-तृतीय (आईटीआई) के कुल 2163 पदों पर भर्ती के लिए प्रारम्भिक परीक्षा का परिणाम जनवरी 2026 में घोषित किया गया था जिसमें रिक्तियों के लगभग दस गुणा अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा हेतु शॉर्टलिस्ट किया गया है। मुख्य परीक्षा के लिए ग्रुप-I में 22,893, ग्रुप-II में 360, ग्रुप-III में 175 एवं ग्रुप-IV में 361 अभ्यर्थियों को क्वालीफाई किया गया है।

भर्ती की नोडल एजेंसी विद्युत उत्पादन निगम द्वारा यह भी बताया कि मुख्य परीक्षाओं के दौरान अनुचित संसाधनों, नकल आदि की रोकथाम के लिए इस बार और भी अधिक कड़े कदम उठाते हुए पहली बार अभ्यर्थियों का ‘‘आधार’’ से सत्यापन भी किया जायेगा। सभी परीक्षा केन्द्रों पर प्रत्येक कमरें में सीसीटीवी कैमरे लगाये गये हैं जो परीक्षा के दौरान पूरे समय वीडियों रिकॉर्डिंग करेंगे।

इसके अतिरिक्त अभ्यर्थियों की लाइव फोटो को अभ्यर्थी द्वारा आवेदन पत्र भरते समय अपलोड की गयी स्कैन फोटो व लाइव फोटो से और साथ ही साथ प्रारम्भिक परीक्षा के दौरान ली गई लाइव फोटो व आइरिस (IRIS) से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित तकनीक से वेरिफाई किया जायेगा।

परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु विद्युत निगमों के अधिशाषी/ सहायक अभियन्ता एवं समकक्ष स्तर के अधिकारियों को निगमों के प्रतिनिधि के तौर पर एवं साईबर सुरक्षा विशेषज्ञों को भी विशेष रूप से सभी परीक्षा केन्द्रों पर तैनात किया गया है। उक्त परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए विद्युत भवन, जयपुर में कन्ट्रोल रूम एवं अभ्यर्थियों की सहायता के लिये हेल्पलाईन डेस्क (9414056655) भी स्थापित की गई है।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!