जयपुर Abhayindia.com अल्पसंख्यक समुदाय के युवाओं को अंग्रेज़ी, फ्रेंच, जर्मन, अरबी, स्पेनिश, फारसी आदि अंतर्राष्ट्रीय भाषाओं में बोलने व सम्प्रेक्षण कौशल प्रशिक्षण प्रदान कर रोज़गारोन्मुख बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक भाषा दक्षता एवं सम्प्रेषण कौशल विकास योजना लॉन्च की गई है। जिसका गत माह 20 मार्च को अल्पसंख्यक मामलात और वक्फ मंत्री शाले मोहम्मद द्वारा शुभारंभ किया गया था।
बीते कुछ समय से चल रही प्रतियोगी व उच्च माध्यमिक स्तर की परीक्षाओं के कारणवश कुछ युवा इस योजना में अपना पंजीकरण करवाने से वंचित रह गये थे। जिसकी जानकारी अल्पसंख्यक मामलत विभाग तक आवेदन के अभिलाषी युवाओं द्वारा पहुँचाई गई। योजना के प्रति युवाओं के उत्साह को देखते हुए मंत्री शाले मोहम्मद के निर्देशानुसार विभाग के निदेशक श्री जमील अहमद कुरैशी ने योजना में आवेदन की आख़री तिथि को 10 अप्रेल से बढ़ाकर 25 अप्रेल कर दिया है। उन्होंने कहा की आवेदन करने के इच्छुक युवाओं के उत्साह को देखते हुए मंत्री मोहम्मद के निर्देशानुसार विभाग ने तिथि बढ़ाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि अल्पसंख्यक समुदाय के अधिक से अधिक युवा इस योजना से लाभान्वित हों जिससे प्रतिस्पर्धा के इस दौर में वह रोज़गार पाने में सक्षम बने।
उल्लेखनीय है की यह योजना राजस्थान के मूल निवासी अल्पसंख्यक समुदाय के उच्च माध्यमिक स्तर के शिक्षित युवाओं की ओर लक्षित है, जिनकी आयु 18 से 35 वर्ष के बीच है।
पात्रता के लिए लाभार्थी के परिवार/अभिभावक की वार्षिक आय 8.00 लाख रूपये तक अथवा उससे कम होना अनिवार्य है। कार्यकारी एजेंसी द्वारा सभी जिला मुख्यालयों पर अंग्रेजी भाषा के प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध है। अन्य विदेशी भाषाओं के प्रशिक्षण की सुविधा संभाग स्तर पर उपलब्ध है। विभाग द्वारा जारी संशोधित तिथि अनुसार आवेदन की आख़री तिथि 25 अप्रेल, आर.के.सीएल द्वारा मेरिट निर्धारण तिथि 26 अप्रेल से 3 मई व प्रशिक्षण कक्षाएं प्रारंभ की तिथि 16 मई 2023 रखी गई है।














