Thursday, June 4, 2026
Homeराजस्थानदो दिन पहले ही दे दिया था इस्तीफा, जानिये क्यों?

दो दिन पहले ही दे दिया था इस्तीफा, जानिये क्यों?

AdAdAdAdAdAdAdAdAdAd

जयपुर (अभय इंडिया न्यूज)। भाजपा नेता अशोक परनामी ने पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा दो दिन पहले ही दे दिया था। उन्होंने पद से इस्तीफे के बाद मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने 16 अप्रेल को ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह को इस्तीफा दे दिया था। अब वे पार्टी में कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे।

प्रदेश के उपचुनावों में हुई हार के संबंध में पूछे गए सवाल पर परनामी ने कहा कि हार और जीत सामूहिक होती है, इसके लिए किसी एक को जिम्मेदार नही ठहराया जा सकता। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष बनने से पहले भी वह कार्यकर्ता के रूप में कार्य कर रहे थे और पार्टी के अनुशासित कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते रहेंगे। पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी में शामिल करने के प्रति राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए परनामी ने कहा कि वह इसी तरह कार्य करते रहेंगे। चुनावों के पहले संगठन में हुए इस बदलाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह एक सतत प्रक्रिया है और इससे पार्टी ओर अधिक मजबूत होगी। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि पार्टी का नया नेतृत्व विधानसभा चुनाव के 180 के लक्ष्य को जरूर पूरा करेगा।

उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह द्वारा परनामी को राष्ट्रीय कार्यकारणी में सदस्य नियुक्त करने की सूचना के बाद ही प्रदेश में उनके इस्तीफे की अटकलें तेज हो गई थी। जानकारी के अनुसार प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद परनामी मोती डूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे। वहां पर पूजा की। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कुछ नेता-कार्यकर्ता भी थे।

सूत्रों के अनुसार प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी जातिगत समीकरण साधने में जुटी हुई है। परनामी के इस्तीफे के बाद नए अध्यक्ष की दौड़ में केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल, राजस्थान के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अरूण चतुर्वेदी, सांसद ओम बिड़ला, संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी दुर्गादास व्यास, राज्य सरकार में मंत्री श्रीचंद कृपलानी, सतीश पूनिया, लक्ष्मीनारायण दवे के नाम सुर्खियों में हैं।

- Advertisment -

Most Popular

error: Content is protected !!