






जयपुर/बीकानेर Abhayindia.com बीकानेर नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी की हार और क्रॉस वोटिंग के मामले ने तूल पकड़ लिया है।बीकानेर कांग्रेस के एक बड़े प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को जयपुर में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
किससे-किससे मिले बीकानेर के नेता
– प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा
– पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
– नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
– कांग्रेस अनुशासन समिति के अध्यक्ष उदयलाल आंजना से मुलाकात कर उपमहापौर चुनाव से संबंधित विभिन्न तथ्यों, परिस्थितियों एवं घटनाक्रम से अवगत कराया। यह मुलाकात पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला एवं पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष यशपाल गहलोत की मौजूदगी में हुई।
7 दिन में जांच पूरी करने का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष, तथ्यात्मक एवं शीघ्र जांच करवाई जाए तथा जांच में जो भी व्यक्ति पार्टी अनुशासन के उल्लंघन का दोषी पाया जाए, उसके विरुद्ध नियमानुसार कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करने तथा सात दिनों के भीतर जांच पूरी करवाने का आश्वासन दिया है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक संगठनात्मक एवं अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
प्रतिनिधिमंडल में कौन-कौन था शामिल
प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस महासचिव जिया उर रहमान आरिफ, प्रदेश प्रवक्ता साजिद सुलेमानी, उपमहापौर प्रत्याशी एवं पार्षद नसीम बानो, पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पार्षद जावेद पड़िहार, पार्षद नंदलाल जावा, अकबर अली खादी, चन्द्रकला कूकना, सरोज, कांग्रेस नेता फिरोज भाटी, हुकुमचंद जावा, मंडल अध्यक्ष अंजुम अली, कर्नल शिशुपाल सिंह पंवार, हरिकिशन जाट, मदनलाल कूकना, रियाजुद्दीन पंवार सहित अन्य कांग्रेसजन मौजूद रहे।







