बीकानेर Abhayindia.com जोधपुर विद्युत वितरण निगम कर्मचारी मजदूर संघ एवं राजस्थान विद्युत कर्मचारी परिवार उत्थान परिषद अपना 15वां स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह 16 अगस्त 2026 को धूमधाम से मनाएगा। संघ के संस्थापक अध्यक्ष रामकुमार व्यास ने बताया कि यह सम्मान समारोह धरणीधर रंगमंच, बीकानेर में सुबह 11:00 बजे आयोजित होगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वी.के. छंगाणी, तकनीकी निदेशक, जोधपुर डिस्कॉम, जोधपुर होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर्मचारी नेता महेश व्यास करेंगे। वहीं, विशिष्ट अतिथि के रूप में अशोक गोयल, मुख्य अभियंता, जोधपुर डिस्कॉम, जोधपुर/बीकानेर उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में संघ के संस्थापक अध्यक्ष रामकुमार व्यास अपने विचार रखेंगे।
इनका होगा सम्मान
1. सेवानिवृत्त कर्मचारी/अधिकारी : जोधपुर डिस्कॉम बीकानेर संभाग के 31 जनवरी 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक सेवानिवृत्त होने वाले एवं हो चुके कर्मचारियों/अधिकारियों को सम्मानित किया जाएगा। व्यास ने कहा कि आने वालों का सम्मान तो सभी करते हैं, पर यह संस्था सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को भी सम्मानित करती है।
2. मेधावी छात्र-छात्राएं : जोधपुर डिस्कॉम संभाग में कार्यरत कर्मचारियों/अधिकारियों के वे बच्चे जो हायर क्लासेस में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर MBBS, IIT, Engineering, B.Ed, RAS, IAS, CA, CS जैसी परीक्षाओं में उत्तीर्ण हुए हैं, उनका भी सम्मान किया जाएगा।
3. विश्वकर्मा सम्मान : ड्यूटी के दौरान करंट लगने या पोल से गिरने के कारण घातक व अघातक दुर्घटना का शिकार हुए कर्मचारियों एवं उनके परिजनों को “विश्वकर्मा सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
कर्मचारी नेता व्यास ने बताया कि संगठन इस कार्यक्रम को बड़े उत्साह के साथ मनाता है। उन्होंने जोधपुर डिस्कॉम बीकानेर संभाग के सभी कर्मचारी एवं अधिकारियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर सेवानिवृत्त कार्मिकों, मेधावी बच्चों एवं बिजली वीरों का उत्साहवर्धन करें।













