








जयपुर Abhayindia.com वाणिज्यिक कर विभाग की प्रवर्तन शाखा-प्रथम द्वारा मुख्य आयुक्त के निर्देश पर कोचिंग संस्थानों पर शिकंजा कसते हुए गंगापुर सिटी, जिला सवाई माधोपुर स्थित दो कोचिंग संस्थानों पर एक साथ कार्रवाई की गई। दोनों ही कोचिंग संस्थानों द्वारा विद्यालयी शिक्षा के साथ-साथ IIT, NEET, JEE आदि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा रही थी, किंतु विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ली जाने वाली शुल्क राशि पर GST का भुगतान नहीं किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान विभाग के अधिकारियों द्वारा कोचिंग परिसरों से महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
इन कोचिंग संस्थानों द्वारा पिछले 6-7 वर्षों से विद्यालय के साथ-साथ इस प्रकार की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जा रही थी। विद्यार्थियों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के बदले भारी शुल्क नकद रूप में लिया जा रहा था। विभाग ने इस संबंध में अपने मानवीय सूचना तंत्र (Human Intelligence) को सक्रिय कर दोनों संस्थानों से जुड़ी समस्त कार्यप्रणाली की जानकारी जुटाई तथा विभागीय पोर्टल पर इनके द्वारा जमा की जा रही कर अदायगी का भी परीक्षण किया, जिसमें काफी अनियमितताएं पाई गईं।
विभागीय अधिकारियों द्वारा मौके पर जब्त किए गए दस्तावेजों तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे विद्यार्थियों द्वारा जमा की गई शुल्क राशि का गहन विश्लेषण किया जा रहा है, जिसके आधार पर कर चोरी की राशि का आकलन किया जाएगा। राजस्थान राज्य में विभाग द्वारा कर चोरों के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।


