








बीकानेर Abhayindia.com पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके कथित वीडियो/ऑडियो को लेकर आज अहम बयान दिया है। मेघवाल ने कहा है कि राजनीतिक षडयंत्र के तहत ये वीडियो और ऑडियो एडिट करके वायरल किया गया है। उन्होंने इसमें केन्द्रीय कानून राज्यमंत्री अर्जुनराम मेघवाल के बेटे रविशेखर मेघवाल की संलिप्तता का आरोप भी लगाया है। हालांकि, उन्होंने कहा कि छत्तरगढ थाने में हमारी ओर से दिए गए परिवाद में गुमनाम व्यक्ति के खिलाफ शिकायत की गई है। अब पुलिस को जांच करनी है कि इसमें किसका हाथ रहा। उन्होंने कहा कि आपसी फूट डलवाने और जातिगत द्वेष बढाने के लिए इस तरह के कथित ऑडियो और वीडियो पहले भी वायरल किए गए थे, इसके बावजूद मेरी छवि पर कोई फर्क नहीं पड़ा।
इधर, शहर कांग्रेस अध्यक्ष की ओर से सोशल मीडिया पर दिए बयान में कहा है कि जो ऑडियो और वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें कथित रूप से बीकानेर के एक वरिष्ठ नेता कुछ लोगों से बात करते हुए बीकानेर के वरिष्ठ नेता बुलाकी दास जी कल्ला जो कि कई बार विधायक एवं मंत्री रह चुके हैं तथा नेता प्रतिपक्ष व प्रदेश अध्यक्ष भी रहे हैं। दिवंगत नेता स्व. रामेश्वर लाल डूडी जो कि सांसद, विधायक, नेता प्रतिपक्ष एवं बीकानेर के जिला प्रमुख के पद पर रह चुके हैं तथा अन्य नेताओं के विरुद्ध गाली गलौज पूर्ण निम्न स्तरीय असंसदीय भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं। जो कि हमारे राज्य व कांग्रेस पार्टी की संस्कृति के बिल्कुल प्रतिकूल है। मैं व्यक्तिगत तौर पर इस तरह की भाषा इस्तेमाल किए जाने ख़िलाफ़ हूँ तथा उक्त कृत्य से ना इतफ़ाक़ी रखते हुए घोर निंदा करता हूँ। आज प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व से मुलाक़ात कर जिले के कार्यकर्ताओं की भावनाओं और इस प्रकरण के पूरे तथ्य उनके संज्ञान में लाकर अनुशासनहीनता करने वाले के विरुद्ध उचित अनुशासनात्मक कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया है।
इधर, बीकानेर कांग्रेस में भी पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल के कथित ऑडियो और वीडियो को लेकर हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस के कई पदाधिकारी मुखर होकर और कई दबी जुबान में इस मामले को हवा दे रहे हैं। कुछ पदाधिकारियों ने तो गोविंदराम मेघवाल को पार्टी से निष्कासित करने की मांग करते हुए इस्तीफे की भी पेशकश कर दी है।


