








बीकानेर Abhayindia.com निजी बस संचालकों ने परिवहन विभाग की 20 साल पुराने वाहनों पर कार्रवाई के विरोध में आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। बीछवाल रोड स्थित एक भवन में आयोजित बीकानेर बस एसोसिएशन की महत्वपूर्ण बैठक में सर्वसमति से निर्णय लिया गया कि राजस्थान बस एसोसिएशन के आह्वान पर 23 फरवरी 2026 से समस्त निजी बसों के चक्के अनिश्चितकाल के लिए जाम होंगे।
बैठक में अध्यक्ष समुन्द्र सिंह राठौड़, जगमाल सिंह, हिम्मत सिंह शेखावत, धर्माराम पारीक, जगदीश गुर्जर, महावीर सिंह शेखावत सहित बड़ी संख्या में बस ऑपरेटर उपस्थित रहे। संचालकों ने आरोप लगाया कि नियम एस-052, 153 एवं 119 (वर्ष 2019 व 2025 में लागू) की आड़ में 20 वर्ष पुराने वाहनों पर भी कार्रवाई की जा रही है। वैध दस्तावेज होने के बावजूद भारी चालान, आरसी निलंबन और बसों को सीज करने जैसी कार्यवाहियों से रोष व्याप्त है।
एसोसिएशन ने 16 फरवरी को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नाम जिला कलेटर को ज्ञापन सौंपा है। आगामी रणनीति के तहत अन्य जिलों के बस ऑपरेटर्स से समन्वय, जनप्रतिनिधियों से संपर्क और आंदोलन को प्रदेशव्यापी समर्थन दिलाने की योजना बनाई गई है। संचालकों ने स्पष्ट किया कि सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर 23 फरवरी से बसों के पहिए थम जाएंगे।


