






श्रीगंगानगर Abhayindia.com राजस्थान सरकार देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थ यात्रा योजना 2025 अन्तर्गत विशेष रेलगाड़ी बीकानेर से कोलकत्ता-गंगासागर वाया जयपुर जंक्शन-भरतपुर ट्रेन 2 दिसम्बर 2025 को दोपहर 1 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन से रवाना होगी।
देवस्थान विभाग हनुमानगढ़ के सहायक आयुक्त ओम प्रकाश ने बताया कि योजना की इस यात्रा गाड़ी में बीकानेर रेलवे स्टेशन से 600, जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन से 240 एवं भरतपुर रेलवे स्टेशन से 130 यात्री सहित कुल 970 यात्री यात्रा में सवार होंगे। इन 970 यात्रियों को उक्त तीनों रेलवे स्टेशन पर पहुँचने के लिए सूचित किया जा रहा है ताकि समस्त प्रक्रिया समय पर पूर्ण कर सके। सहायक आयुक्त, बीकानेर के अधीन बीकानेर एवं चूरू व सहायक आयुक्त हनुमानगढ़ के अधीन हनुमानगढ़ एवं श्रीगंगानगर जिले के यात्रियों को प्रातः 7 बजे बीकानेर रेलवे स्टेशन सहायक आयुक्त जयपुर-प्रथम के अधीन जयपुर जिले के यात्रियों को जयपुर जंक्शन रेलवे स्टेशन पर दोपहर 1 बजे एवं सहायक आयुक्त, भरतपुर के अधीन भरतपुर एवं डीग जिले के यात्रियों को भरतपुर रेलवे स्टेशन पर दोपहर 3 बजे से रिपोर्ट करना है।
उन्होंने बताया कि यात्रा में सभी यात्रियों की देखरेख के लिए 1 ट्रेन प्रभारी, प्रत्येक कोच में 2 सरकारी कर्मचारियों को अनुदेशक एवं चिकित्सा व्यवस्था हेतु एक डॉक्टर व 2 नर्सिंग अधिकारी भी रहेंगे, जो यात्रा के दौरान यात्रियों के स्वास्थ्य का ध्यान रखेंगे। यात्री अपने साथ ऑनलाइन भरे गये आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी (मय प्रमाणित चिकित्सीय प्रमाण-पत्र), मूल जनआधार/आधार कार्ड/दो पासपोर्ट साईज फोटो साथ लेकर आना अनिवार्य होगा।


