








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान में मानसून की बारिश का दौर जारी है। इस बीच, मौसम विभाग ने कोटा, उदयपुर व अजमेर संभाग में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, परिसंचरण तंत्र मध्यप्रदेश के ऊपर स्थित है। इसीलिए सतह से 5.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तृत है। अगले दो-तीन दिनों में इसके पूर्वी राजस्थान से होते हुए पश्चिम की ओर आगे बढ़ने व और तीव्र होने की प्रबल संभावना है।
विभाग ने बारां, बूंदी, झालावाड़, कोटा, उदयपुर, राजसमंद, डूंगरपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, अजमेर, भीलवाड़ा, ब्यावर और डीडवाना-कुचामन जिलों में अतिभारी बारिश और कोटा संभाग में कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने की संभावना जताई है। वहीं, 15 जुलाई को कुछ भागों में भारी, अतिभारी बारिश व कहीं-कहीं अत्यंत भारी बारिश होने के आसार है।
इसी तरह जयपुर, भरतपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में भी मध्यम से तेज बारिश होने की संभावना है। 15 जुलाई तक जोधपुर संभाग के कुछ भागों में भारी बारिश की संभावना है। पूर्वी राजस्थान में 17 जुलाई और पश्चिमी राज में 18 जुलाई से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी दर्ज होने की संभावना है।
विभाग के अनुसार, बीते चौबीस घंटे के दौरान प्रदेश के 21 जिलों में बारिश दर्ज की गई है। सर्वाधिक बारिश बांरा के शाहबाद में 131 मिलीमीटर, भीलवाड़ा के करेड़ा में 66, बूंदी में 75, सुजानगढ़ में 68, देसुरी में 92, अजमेर में 50 और डबोक में 50 मिलीमीटर दर्ज की गई है।


