








जयपुर Abhayindia.com राजस्थान कैबिनेट की बैठक आज दोपहर 12 बजे सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में होने जा रही है। इस बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले होने के आसार है। इसके एक घंटे बाद 1 बजे मंत्रिपरिषद की बैठक भी बुलाई गई है। आपको बता दें कि इससे पहले यह बैठक गत 8 मार्च को हुई थी।
जानकारी के अनुसार, कैबिनेट बैठक में कई विभागों के कर्मचारियों के सेवा नियमों में संशोधन, भूमि आवंटन और ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े बड़े प्रस्ताव शामिल होंगे। सरकार की ओर से प्रदेश में कार्यरत कार्मिकों को लेकर विभिन्न नियमों में संशोधन किए जाने हैं। इस क्रम में कार्मिक विभाग से जुड़े राजस्थान सचिवालय सेवा नियम 1954 में संशोधन, रिक्तियों की संख्या में 100 फीसदी तक वृद्धि करने के साथ ही विविध सेवा नियमों में संशोधन, राजस्थान सिविल सेवा (पेंशन) नियम 1996 के नियम 62 व 67 में संशोधन और राजस्थान सिविल सेवा नियम 2017 में संशोधन, संसदीय कार्य विभाग के विधानसभा सचिवालय भर्ती तथा सेवा नियमों में संशोधन, जल संसाधन विभाग में कर्मचारियों के विभिन्न श्रेणियों के नियमों में संशोधन एवं भर्ती प्रक्रिया, पर्यटन विभाग में सहायक पर्यटक अधिकारी के पद पर अनुकम्पात्मक नियुक्ति देने को लेकर नियमों में शिथिलन आदि मसलों पर चर्चा होगी।


